शहर

Badaun Encounter: पुलिस ने कुंडल लूट का आरोपी एनकाउंटर में धर दबोचा, एक सिपाही भी घायल

बदायूं में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुंडल लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक सिपाही घायल हो गया। वहीं आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Image

बदायूं में पुलिस एनकाउंटर

Photo : Times Now Digital

Badaun Police Encounter: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार देर रात को पुलिस और लुटेरे बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, इस दौरान वह दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र में छोटे सरकार के पीछे जंगल इलाके में पुलिस ने कुंडल लूट के आरोपी को घेरा। जहां मुठभेड़ की घटना हुई। पुलिस ने घायल सिपाही और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

27 अप्रैल को आरोपी ने महिला से लूटे कुंडल

जानकारी के अनुसार आरोपी ने 27 अप्रैल को सदर कोतवाली क्षेत्र में घनी आबादी वाले इलाके में एक महिला से कुंडल लूट लिया था। इस वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात को कादरी तिराहे पर वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को बाइक पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। जिन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी फरार होने की कोशिश करने लगे।

पुलिसकर्मी के हाथ में लगी गोली

जब पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया, तो उन्होंने सरेंडर करने की बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश के तमंचे से निकली एक गोली सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी के हाथ में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें आरोपी विकारुद्दीन उर्फ पप्पू के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने घायल आरोपी और सिपाही को दोनों को तुरंत बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी नई सराय इलाके का निवासी है। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और खोखे मिले हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article