शहर

काम नौकरानी का…जिंदगी महारानी जैसी, 15 गोल्ड लोन अकाउंट; शातिर महिला चोर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए सोने के आभूषण विभिन्न वित्तीय संस्थानों में गिरवी रखकर ऋण प्राप्त किया। जांच में अब तक 15 गोल्ड लोन अकाउंट का पता चला है, जिनसे करीब पांच लाख रुपये का कर्ज लिया गया था।

Image

दिल्ली में महिला चोर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम जिले में एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जो घरेलू सहायिका के रूप में काम कर अमीर घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी और चोरी किए गए सोने को गिरवी रखकर लग्जरी जीवन जी रही थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सोना उर्फ के. सोनिया (45) के रूप में हुई है, जो रोहिणी इलाके की निवासी है और पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रही है।

सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप

उत्तरी पश्चिमी जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया 19 अप्रैल को शालीमार बाग निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान संदेह घर में काम करने वाली महिला पर गया, जो घटना के बाद से फरार थी। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया। छापेमारी के दौरान पाया गया कि आरोपी ने अपने घर को खतरनाक कुत्तों से घेर रखा था ताकि पुलिस अंदर प्रवेश न कर सके। हालांकि, टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए घर में प्रवेश किया और आरोपी को रजाइयों के नीचे छिपे हुए गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए सोने के आभूषण विभिन्न वित्तीय संस्थानों में गिरवी रखकर ऋण प्राप्त किया। जांच में अब तक 15 गोल्ड लोन अकाउंट का पता चला है, जिनसे करीब पांच लाख रुपये का कर्ज लिया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं और लगभग दो किलोग्राम सोने के आभूषण विभिन्न कंपनियों में चिन्हित किए हैं। आरोपी का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और शेष चोरी की संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article