शहर

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डबल डेकर बस टायर फटने से पलटी, एक शख्स की मौत

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से एक डबल डेकर स्लीपर बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भेजा।

Image

बदायूं में दर्दनाक हादसा

Badaun Bus Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से एक स्लीपर बस पलट गई। इस हादसे में एक ही यात्री की मौत हो गई, वहीं 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव शुरू किया गया। साथ ही डीएम और एसएसपी भी हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

खाई में गिरने से बची बस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि हादसा 10-11 मई की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। जहां फतेहपुर के खागा से लुधियाना जा रही एक स्लीपर बस का टायर अचानक फट गया और वह तीन-चार बार पलटती हुई डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन तक जा पहुंचीl उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे गहरी खाई में नहीं गिरी वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

बस की सीटें काटकर फंसे लोगों को निकाला

शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मूसाझाग, दातागंज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। इस हादसे में बस में सवार लोग बुरी तरह अंदर फंस गए थे। जिन्हें बस के शीशे तोड़कर और सीटें काटकर बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में फतेहपुर निवासी अनुज (34) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छह यात्री जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए जिनमें से कुछ को नाजुक हालत के मद्देनजर बरेली रेफर किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article