शहर

Ayodhya News: अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस 22 जनवरी तक रद्द, कई ट्रेनों के बदले मार्ग

Ayodhya News: अयोध्या-आनंद विहार तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 22 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा अयोध्या रूट पर चलने वाली 10 ट्रेनों को निरस्त किया गया है साथ ही कई ट्रेनों के मार्ग बदलकर उन्हें चलाया जा रहा है।

Image

अयोध्या-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 22 जनवरी तक रद्द

Ayodhya News: अयोध्या से आनंद विहार तक चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल के लिए बंद किया गया है। अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 4 जनवरी 2024 से शुरू किया गया था, लेकिन इसके बाद 6 जनवरी 2024 से इसका संचालन 15 जनवरी तक रोका गया था। अब इसके संचालन को आने वाली 22 जनवरी तक रद्द कर दिया है। बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं कई ऐसी ट्रेनें हैं, जिनके रूटों को बदला गया है। आइए आपको इन ट्रेनों के रद्द होने और रूट बदलने के कारण के बारे में बताएं...

अयोध्या जाने वाली ट्रेनें सात दिन के लिए रद्द

अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को पहले 15 जनवरी तक रोका गया था, लेकिन एक अन्य फैसले के बाद इसके संचालन को 22 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा जानकारी ये भी है कि अयोध्या रूट की सभी ट्रेनों को आने वाले समय में 7 दिन के लिए रद्द किया जा सकता है। इसके पीछे का एक कारण राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को भी बताया जा रहा है। अनुमानित तौर पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अयोध्या रूट पर चलने वाली ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है।

दोहरीकरण ने प्रभावित किया ट्रेनों का संचालन

लखनऊ मंडल के लखनऊ-बाराबंकी-अयोध्या-शाहगंज-जफराबाद रूट पर दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इस रूट के दोहरीकरण के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। बता दें कि दोहरीकरण के साथ विद्युतीकरण के चलते 16 जनवरी से लेकर 22 जनवरी तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान वंदे भारत समेत करीब 10 ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा तो वहीं 35 ट्रेनों के रूट को बदलना पड़ा है।

ट्रेनों के निरस्त होने और मार्गों को बदलकर चलाने के साथ रूट पर हो रहे दोहरीकरण की जानकारी लखनऊ मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा द्वारा दी गई थी। उन्होंने आगे इस संदर्भ में बात करते हुए बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए अयोध्या रेलखंड के दोहरीकरण को उच्च प्राथमिकता पर रखा गया है और इसका काम तेजी से पूरा किया जाने की कोशिश की जा रही है।

इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक दिक्कत का सामना न करना पड़े इसको ध्यान में रखते हुए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यात्री 139 पर संपर्क कर ट्रेनों की स्थिति को जान सकते हैं इसके साथ वह enquiry.indianrail.gov.in के माध्यम से भी ट्रेन की स्थिती के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article