शहर

आपकी जान लेने की हो रही साजिश! यहां 25 लाख का नकली घी और 1 किलो अफीम दूध बरामद

आप अपने लिए हमेशा अच्छी चीजें चुनते हैं। विशेषतौर पर खाने-पीने की चीजें हों तो कुछ ज्यादा पैसा खर्च करके शुद्ध चीज लेने की कोशिश करते हैं। लेकिन मिलावटखोर आपकी जान के दुश्मन बने हुए हैं। कभी घी तो कभी दूध और मिठाइयों में मिलावट करके आपकी सेहत बिगाड़ते हैं। ताजा मामला देसी घी में मिलावट का सामने आया है।

Image

देसी घी में हो रही मिलावटखोरी का भंडाफोड़

आप अपने स्वास्थ्य का कितना ध्यान रखते हैं। रोज सुबह उठकर एक्सरसाइज और वॉक करने जाते हैं। खूब सारा पानी पीते हैं और मीठे से भी दूर रहते हैं। ऑर्गेनिक फूड चुनते हैं, ताकि आपकी सेहत हमेशा अच्छी रहे। इसके साथ ही आप चुन-चुनकर शुद्ध चीजें लेते हैं, जिससे आपकी सेहत न बिगड़े। आप महंगा शुद्ध देसी घी खरीदते हैं, ताकि जेब पर भारी पड़े तो पड़े, लेकिन सेहत अच्छी बनी रहे। इन सबसे बावजूद मिलावटखोर आपकी जान लेने की साजिश में लगातार लगे रहते हैं। 25 लाख रुपये मूल्य का नकली घी पकड़ा जाना इसी बात की तस्दीक करता है।

कहां मिला 25 लाख का नकली घी?

राजस्थान के जोधपुर में आज यानी शुक्रवार 23 जनवरी की सुबह-सुबह कुड़ी क्षेत्र में नकली घी की फर्जी फैक्ट्री का फंडाफोड़ हुआ है। छापेमारी के दौरान यहां से नामी कंपनियों की पैकिंग में भारी मात्रा में नकली घी बारमद किया गया है। यही नहीं यहां से अवैध मादक पदार्थ अफीम का दूध भी बरामद किया गया है।

नकली घी के 120 टिन बरामद

जोधपुर पुलिस ने सेक्टर-9 कुड़ी भगतासनी में आज सुबह छापेमारी की यह कार्रवाई की। यहां पुलिस ने दो गोदामों में दबिश देकर सरस, सीर, डेयरी बेस्ट, प्राइड, मधुसूदन, कृष्णा मिल्क फूड जैसी नामी कंपनियों के नकली घी के 120 टिन के साथ ही लेबल-पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं। यहां से बरामद किए गए माल की कुल कीमत मलगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवान और एसीपी मुख्यालय सुनील के पंवार के सुपरविजन में सीएसटी टीम प्रभारी मेहराज तंवर और हाईवे मोबाइल इंचार्ज तेजाराम की टीमों ने इन गोदामों में दबिश दी। पुलिस टीमों ने छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यहां से एक मारूति ब्रेजा कार से अफीम का 1 किलो अवैध दूध भी जब्त किया है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने नकली घी मामले में मामला दर्ज कर मदेरणा कॉलोनी के मोहनलाल (40) पुत्र चंपालाल ब्राह्मण, सेक्टर-9 कुड़ी भगतासनी के कैलाश चांडक (46) पुत्र गोपी किशन माहेश्वरी निवासी और भीकमकोर निवासी रविराज (32) पुत्र बंशीलाल विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मौके से नकली घी ढोने वाली टाटा मैजिक गाड़ी भी जब्त की है। अब इस पूरे मामले की जांच कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में मंडी के कई व्यापारियों के साथ ही अफीम तस्करी के नामी अपराधियों के नाम भी सामने आए हैं। अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article