शहर

गोंडा पहुंचे अमेरिकी फिटनेस स्टार Ashton Hall, सांसद करण भूषण सिंह से सीखी निशानेबाजी, वीडियो हुआ वायरल

अमेरिका के प्रसिद्ध फिटनेस इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल ने उत्तर प्रदेश के गोंडा में नंदिनी नगर शूटिंग रेंज का दौरा कर निशानेबाजी और घुड़सवारी का अनुभव लिया। इस दौरान कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें शूटिंग की बारीकियां सिखाईं और खास मेहमान के रूप में स्वागत किया।

Image

नंदिनी नगर शूटिंग रेंज में दिखा एश्टन हॉल का देसी अंदाज (फोटो- Instagram: Karan Bhushan Singh)

Ashton Hall: अमेरिका के मशहूर फिटनेस आइकॉन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल (Ashton Hall) इन दिनों भारत दौरे पर थे। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्थित नंदिनी नगर शूटिंग रेंज पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात कैसरगंज से बीजेपी सांसद और बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह से हुई। शूटिंग रेंज पहुंचने पर सांसद करण भूषण सिंह ने एश्टन हॉल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने एश्टन को निशानेबाजी की बारीकियों से अवगत कराया और शूटिंग के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। सांसद ने उन्हें बताया कि शूटिंग में किन उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। बता दें कि करण भूषण सिंह खुद एक राष्ट्रीय स्तर के शूटर रह चुके हैं और कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।

निशाना साधकर शूटिंग का अनुभव लिया

नंदिनी नगर शूटिंग रेंज की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को करीब से देखने के बाद एश्टन हॉल ने खुद निशानेबाजी करने की इच्छा जताई। इसके बाद कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें शूटिंग की तकनीक समझाते हुए रेंज में अभ्यास भी कराया। एश्टन हॉल ने एक नहीं बल्कि दो बार निशाना साधकर शूटिंग का अनुभव लिया और वह इसे लेकर काफी उत्साहित दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ मौजूद भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर योगेंद्र कुशवाहा, जिन्हें 'इंडियन एश्टन हॉल' के नाम से जाना जाता है, ने भी शूटिंग का अभ्यास किया। सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें भी निशानेबाजी के टिप्स दिए और शूटिंग की बारीकियां सिखाईं।

बृज भूषण शरण सिंह के आवास पहुंचे एश्टन हॉल

निशानेबाजी का अनुभव लेने के बाद एश्टन हॉल और योगेंद्र कुशवाहा, बीजेपी नेता बृज भूषण शरण सिंह के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने घर, हेलीकॉप्टर और अस्तबल का दौरा किया। इस दौरान दोनों ने घोड़ों को देखा और घुड़सवारी का भी आनंद लिया। इसके बाद दोनों ने बृजभूषण शरण सिंह के जिम का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वर्कआउट किया और पारंपरिक अंदाज में भगवान हनुमान की गदा उठाकर एक्सरसाइज भी की। पूरे दौरे के दौरान एश्टन हॉल और योगेंद्र कुशवाहा ने करण भूषण सिंह की जमकर सराहना की। दोनों ने गोंडा पहुंचकर मिले अनुभव और निशानेबाजी सीखने को बेहद खास बताया और अपनी खुशी जाहिर की।

कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि फिटनेस के क्षेत्र में एश्टन हॉल की अलग पहचान है और बड़ी संख्या में लोग उनसे प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने बताया कि गोंडा दौरे के दौरान एश्टन हॉल को निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया गया और घुड़सवारी भी की। साथ ही उन्हें अपने आवास और अन्य व्यवस्थाओं का भी दौरा कराया गया। सांसद ने कहा कि दोनों मेहमानों का पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया गया। गोंडा में समय बिताने के बाद अब वे आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article