Ghaziabad Society Guard Assault: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना इलाके की GH-7 सोसायटी में दबंगई का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि काली रंग की कार से आए कुछ बाहरी लोगों को जब सुरक्षा गार्ड ने प्रवेश से रोका, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकाल ली और गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पहले युवक ने लात-घूंसे मारे और फिर हथियार की बट से गार्ड पर हमला किया। बताया जा रहा है कि पांच युवकों ने गार्ड को जबरन घसीटते हुए कार में बैठा लिया। यह पूरी वारदात सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित गार्ड ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और अधमरी हालत में छोड़ दिया। उसका कहना है कि गाड़ी के अंदर भी उसके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई, जिसे वह शब्दों में बयां नहीं कर पा रहा है।
कैसे हुई घटना की शुरुआत?
GH-07 सोसायटी में एओए द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन वाहनों पर सोसायटी का स्टिकर नहीं है, उन्हें गेट नंबर-1 से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को केवल गेट नंबर-2 से जांच और पुष्टि के बाद ही अंदर आने दिया जाएगा। रविवार सुबह करीब 9:38 बजे, ड्यूटी के दौरान मैं गेट नंबर-2 पर बिना स्टिकर वाले वाहनों को रोककर उनका जांच कर रहा था।
इसी दौरान मैंने काले रंग की एक कार को जांच के लिए रोका, जिसमें चार–पांच युवक सवार थे। उन्होंने घमंड भरे लहजे में कहा कि गाजियाबाद में उनकी गाड़ी को रोकने वाला कोई नहीं है। इस पर मैंने साफ कहा कि सोसायटी में प्रवेश से पहले नियमों के अनुसार सत्यापन जरूरी है। इतना सुनते ही वे लोग भड़क गए, मेरे साथ गाली-गलौज करने लगे और पीटने लगे।
