शहर

नांदेड में प्रेमी के शव से शादी करने वाली आंचल ने छोड़ा ससुराल, जानें रिश्ते में क्यों आई दरार?

नांदेड हॉरर किलिंग मामले में प्रेमी सक्षम के शव से शादी करने वाली आंचल मामीडवार ने ससुराल छोड़ दिया है। आंचल ने सक्षम के परिवार पर मानसिक प्रताड़ना और सक्षम के भाई पर गलत व्यवहार का आरोप लगाया है। उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया है।

Image

Maharashtra anchal

Photo : Times Now Digital

महाराष्ट्र के नांदेड में सक्षम ताटे हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस मामले में एक एक नया मोड़ सामने आया है। अपने प्रेमी सक्षम के शव के साथ शादी कर सुर्खियों में आई आंचल मामीडवार ने अब अपना ससुराल छोड़ दिया और वापस मायके लौट गई है। आंचल ने आरोप लगाया है कि प्रेमी के परिवार की ओर से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसका कहना है कि घर में उसे सहयोग नहीं मिला।

आंचल के सक्षम के भाई पर गंभीर आरोप

आंचल का कहना है कि वह सक्षम के घर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ गई थीं। उसने सक्षम के माता-पिता से वादा किया था कि वह जीवनभर उनके बेटे का साथ निभाएंगी। लेकिन हालात ऐसे बने कि उसे ससुराल छोड़ने का फैसला करना पड़ा। आंचल ने सक्षम के भाई पर उसके प्रति गलत नीयत का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश की गई। इस घटना के कारण और लगातार मानसिक दबाव के चलते उसने अपने पिता के घर लौटने का फैसला लिया।

आंचल ने सक्षम के पिता की मौत को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भी खारिज किया है। उसने सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है। आंचल के मुताबिक, जब सक्षम औरंगाबाद की हरसूल जेल में था, तभी से उसके पिता की तबीयत खराब रहने लगी थी। उसने मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उनकी आंतें खराब हो गई थीं और भोजन पचाने में दिक्कत के चलते उनकी मृत्यु हुई।

आंचल की सक्षम की मां से अपील

आंचल ने सक्षम की मां से सोशल मीडिया पर उसकी छवि खराब न करने की अपील की है। उसने कहा कि लोगों के सामने पूरी सच्चाई नहीं रखी जा रही है। अंचल ने सवाल उठाया कि अगर उसकी जगह उनके परिवार की अपनी बेटी या बहन होती, तो क्या उसके साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जाता?

27 नवंबर 2025 को हुई सक्षम की हत्या

बता दें है कि 27 नवंबर 2025 को नांदेड में सक्षम की कथित ऑनर किलिंग ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था। उस समय आंचल ने प्रेमी सक्षम के शव को अपना पति मानकर मांग भरी थी। उस वक्त इस मामले ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। अब घटना के करीब सात महीने बाद प्रेमी के परिवार और आंचल के बीच विवाद की खबरें सामने आने लगी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article