शहर

Amroha News: फास्ट फूड ने ली लड़की की जान, चाऊमीन-पिज्जा से आप भी कर लें तौबा

अमरोहा में फास्ट फूड का शौक 11वीं की छात्रा की मौत की वजह बन गया। लगातार फास्ट फूड का सेवन करने से उसकी आंते खराब हो गई। जिसके बाद इलाज के दौरान दिल्ली एम्स में छात्रा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने बताया कि आंते खराब होने की वजह फास्ट फूड ही है।

Image

अमरोहा में फास्ट फूड बना छात्रा की मौत की वजह

Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां पर फास्ट फूड खाने का शौक 11वीं कक्षा के छात्रा पर इतना भारी पड़ गया, क्योंकि उसकी जान ही चली गई। बताया जा रहा है कि छात्रा के लगातार चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड खाने से आंतों पर बहुत बुरा असर हुआ। इस खाने के कारण उसकी आंतों में छेद हो गया। दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।

मृतक छात्रा की पहचान 16 वर्षीय अहाना के तौर पर हुई है, जो अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी। मंसूर के परिवार में पत्नी सारा खान, एक बेटा और दो बेटियां हैं। जिसमें अहाना सबसे छोटी बेटी थी। वह अमरोहा के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि अहाना को फास्ट फूड खाना बहुत पंसद था। उसे मना करने के बावजूद वह अक्सर चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर आदि खाती रहती थी। जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ना शुरू हुई और उसकी जान चली गई।

सितंबर से छात्रा की बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार अहाना की तबीयत सितंबर माह में बिगड़नी शुरू हुई। उसे पेट में तेज दर्द रहने लगा। जिसके कारण परिजन उसे 30 नवंबर को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां जांच में पता चला कि उसकी आंतें आपस में चिपक गई हैं और उनमें छेद भी हो गए हैं। अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया डॉक्टरों ने अहाना की आतों के खराब होने की मुख्य वजह फास्ट फूड खाने को बताया। जिसके बाद उसका सफल ऑपरेशन किया गया और करीब दस दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। लेकिन वह लगातार कमजोर होती चली गई।

हार्ट फेल होने से छात्रा की मौत

परिजनों ने बताया कि छात्रा की तबीयत चार दिन पहले फिर से खराब हुई और उसे दिल्ली एम्स भर्ती में कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ था। लेकिन रविवार की रात को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने के कारण उसकी मौत हो गई।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article