शहर

अमरोहा में MLA फार्महाउस कांड क्या है, जहां मिली हरियाणा की महिला? पुलिस क्या CRPF जवानों ने भी की वहशीपन की हदें पार

UP Police Personnel Arrested: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में फार्महाउस में महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में यूपी पुलिस और सीआरपीएफ के दो-दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। अखिलेश यादव ने घटना पर सरकार को घेरा।

Image

अमरोहा में MLA फार्महाउस कांड क्या है, जहां मिली हरियाणा की महिला? पुलिस क्या CRPF जवानों ने भी की वहशीपन की हदें पार

Amroha Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक फार्महाउस में हरियाणा निवासी एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश के दो पुलिसकर्मियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कथित घटना अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में हुई। इस मामले में हसनपुर थाने में तैनात एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल तथा सीआरपीएफ के एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) लखन सिंह यादव के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद निवासी करीब 24 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि 20 सितंबर को उसकी एक महिला परिचित ने उससे संपर्क किया था और अमरोहा में धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए उसे सीआरपीएफ निरीक्षक मोहित से मिलने को कहा था। मोहित मुजफ्फरनगर जिले के सौरंग गांव का निवासी है।

सोनीपत में मुलाकात कर पहले मेरठ लाए

उन्होंने बताया कि महिला ने 21 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत में मोहित से मुलाकात की। वहां से दोनों मेरठ गए, जहां मोहित का सहयोगी सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल लालाराम यादव भी उनके साथ शामिल हो गया। लालाराम राजस्थान के अलवर का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम दोनों लोग महिला को कार से अमरोहा के हसनपुर ले गए और रास्ते में उप निरीक्षक संजय तोमर को भी साथ ले लिया। आरोप है कि तीनों उसे अतरासी-हसनपुर मार्ग स्थित एक फार्महाउस पर ले गए, जहां उन्होंने दो कमरे किराये पर लिए।

एक के बाद एक आए वहशी दरिंदे, चौथे को भगाया

शिकायत के अनुसार, पुलिस हेड कांस्टेबल प्रमोद ने समूह के लिए खाना और शराब की व्यवस्था की। आरोप है कि बाद में शाम को मोहित, लालाराम और तोमर ने बारी-बारी से महिला से दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रमोद कमरे में आया और दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और दरवाजा बंद कर पुलिस हेल्पलाइन नंबर ऑनलाइन तलाश किया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने बुधवार सुबह करीब छह बजे पुलिस से संपर्क किया। हसनपुर और रजबपुर थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं, महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

एसपी ने बताया, 'पीड़िता की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।'

CRPF में ऊपर भेजी रिपोर्ट

उन्होंने बताया कि स्थानीय उप निरीक्षक के निलंबन के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, सीआरपीएफ के दोनों कर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

हसनपुर कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि जिस फार्महाउस में कथित घटना हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है। पुलिस ने संपत्ति के प्रबंधक से पूछताछ की है और मामले की जांच जारी है।

अखिलेश यादव हमलावर

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जब शासन अपराध पर आधारित होता है तो पुलिस बल भी भ्रष्ट हो जाता है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने अमरोहा में महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पुलिस बल पर 'एक कलंक' है, जिसे किसी भी संरक्षण से नहीं मिटाया जा सकता। उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article