Agra Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक बार फिर से खाकी ने शर्मसार कर दिया है। आगरा में रेलवे सुरक्षा बल के दरोगा और सिपाहियों ने कारोबारी जीजा और साले का अपहरण किया। इसके बाद उन्हें राजामंडी स्थित आरपीएफ की चौकी में रखा। रिश्ते में जीजा और साले इकरार और काजिम के अपहरण की घटना के दो घंटे बाद परिजनों से व्हाट्सएप कॉल कर 4 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने दोनों के साथ अनहोनी की भी धमकी दी। मंगलवार को परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तीन घंटे में अपहृत युवकों को छुड़ा लिया। साथ ही दरोगा सुरेश, सिपाहियों पारुल और नीरज सिंह को रंगेहाथ रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी क्षेत्र सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, अभयपुरा के रहने वाले साजिम ने मंगलवार को मलपुरा पुलिस को सूचना दी कि, सोमवार रात एक बजे पांच लोग गाड़ी से उनके घर पहुंचे। उनमें से चार ने वर्दी पहन रखी थी। सभी ने घर में तोड़फोड़ की और फिर भाई काजिम और रिश्ते के जीजा इकरार को उठाकर गाड़ी में ले गए।
