आगरा

Agra: जेवर-कपड़े ही नहीं कुकर-प्लेट, अंडरवियर और बनियान तक ले गए चोर, शादी में गया था परिवार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2023, 02:18 PM IST

Agra Theft: चोर सिर्फ सोना-चांदी, नकदी और कीमती सामान ही नहीं चोरी करते हैं, चोरों ने पुलिस का यह भ्रम तोड़ डाला। दरअसल, शाहगंज थाना इलाके में चोर कुकर, रसोई के बर्तन के साथ अंडरवियर और बनियान व साड़ियां तक चोरी कर ले गए। इसके साथ ही अलमारी में रखे दस लाख के आभूषण भी चुरा ले गए। इंस्पेक्टर शाहगंज समरेश सिंह का कहना है कि चोरों का सुराग लगाने के प्रयास जारी हैं।

Image

शाहगंज के सुमन विहार कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया

KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा में रसोई से कुकर-प्लेट और कमरे से अंडरवियर तक ले गए चोर
  • शाहगंज के सुमन विहार में बंद मकान में 10 लाख की चोरी
  • चोरों ने एक अन्य वारदात को दिया अंजाम, बंद घर को बनाया निशाना

Agra Theft: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। ताजनगरी के शाहगंज के सुमन विहार कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर घर के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय घर बंद था। परिवार के लोग देश की राजधानी दिल्ली गए थे। चोर घर की रसोई से कुकर और प्लेट तक ले गए। इसके साथ कमरों से बनियान एवं अंडरवियर तक उठा ले गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोर सिर्फ सोना-चांदी, नकदी और कीमती सामान ही चोरी करते हैं। चोरों ने पुलिस के इस भ्रम भी तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, शाहगंज थाना इलाके के सुमन विहार कॉलोनी में संदीप राय का मकान है। वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। 25 दिसंबर को संदीप परिवार को दिल्ली ले गए थे। इस दौरान मकान में ताला लगा था। सोमवार को जब वह परिवार के साथ दिल्ली से वापस आए तो घर के ताले टूटे पड़े थे। यह देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

रसोई से प्लेट, चम्मच, कुकर भी ले गए चोर

घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने बताया कि चोर 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर गए हैं। चोरों ने बड़े ही आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर रसोई से प्लेट, चम्मच, कुकर भी ले गए। इसके अलावा कमरों से रखे बनियान, अंडरवियर और जैकेट तक ले गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक समरेश सिंह के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की पहचान के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। चोरों ने दो दिन पहले ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि दो दिन पहले कॉलोनी के लोगों ने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखकर उसमें दूसरा ताला डाल दिया था।

शादी में गया था परिवार, मकान के ताले तोड़कर की चोरी

इसके अलावा, आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 6 में चोरों ने दूसरी घटना को अंजाम दिया। आवास विकास कालोनी के सेक्टर छह में रहने वाला अंशु भटनागर एक निजी कंपनी में काम करता है। वह 27 जनवरी को अपनी मां के साथ हरियाणा के यमुना नगर में एक शादी में शामिल होने गया था। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। सोमवार को अंशु और उसकी मां घर लौटे तो मेन गेट और अंदर के दरवाजे के ताले टूटे मिले। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा देख उनके होश उड़ गए। घर में रखी आलमारी से चोर एक लाख अस्सी हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने जगदीश पुरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article