आगरा

मथुरा के ISKCON मंदिर में कर्मचारी ने किया पैसों का घपला, चढ़ावे का धन और रसीद बुक लेकर फरार

Mathura ISKCON Temple: मथुरा के इस्कॉन मंदिर का पिछले 3 साल से कार्यरत कर्मचारी चढ़ावे का धन लेकर फरार हो गया। मंदिर के मुख्य वित्त अधिकारी ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Image

इस्कॉन मंदिर (फाइल फोटो)

Mathura ISKCON Temple: मथुरा के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) द्वारा संचालित श्रीकृष्ण बलराम मंदिर का कर्मचारी चढ़ावे का धन लेकर फरार हो गया। आरोपी कर्मचारी पिछले तीन साल से मंदिर में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक साल से चढ़ावे की धनराशि का हिसाब नहीं दिया था और जब उससे हिसाब मांगा गया, तो वह फरार हो गया। पुलिस ने मंदिर के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) की तहरीर पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

वृन्दावन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रवि त्यागी के अनुसार इस्कॉन मंदिर के सीएफओ ने शिकायत में कहा कि यहां ‘मेंबरशिप’ विभाग में कार्यरत मुरलीधर दास को दानदाताओं द्वारा मंदिर में दान की जाने वाली राशि को बैंक में जमा करने के लिए रखा गया था जिसके लिए उसे 32 रसीद बुक सौंपी गई थीं। त्यागी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि जब कई बार उन रसीदों का हिसाब देने के लिए उससे कहा गया तो पहले तो वह टालता रहा लेकिन पिछले दिनों जब सख्ती की गई तो वह अचानक मथुरा में अपने अस्थाई निवास से ही फरार हो गया। दास पर यह भी आरोप कि जब उसे फोन कर रसीद बुक और चढ़ावे की राशि वापस करने को कहा गया तो उसने जान से मारने की धमकी तक दी।

चार साल पहले एक कर्मचारी ने किया करोड़ो का घपला

वृन्दावन पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी रवि लोचन दास ने बताया कि पुलिस ने उसके करीबी लोगों से जानकारी प्राप्त कर उसके सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है, परंतु अभी उसका सुराग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि इस घटना से चार साल पहले भी एक कर्मचारी ने एक करोड़ से अधिक का घपला किया था।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article