Mainpuri News: जनपद मैनपुरी के थाना क्षेत्र के गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गणेश प्रतिमा को विसर्जन करने गए गए श्रद्धालुओं में से चार श्रद्धालु सरोवर में डूब गए। श्रद्धालुओं के डूबता देख लोगों ने शो मचाई। आनन फानन में क्षेत्रीय गोताखोरों ने रेस्क्यू कर डूब रहे चार लोगों को बाहर निकाला। जिनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं एक श्रद्धालु की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
नहाते वक्त गहरे पानी में चले गए श्रद्धालु
मामला घिरोर थाना क्षेत्र के बिधूना गांव में स्थित मार्कण्डेय सरोवर से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव डालूपुर के श्रद्धालु गणेश प्रतिमा को लेकर मार्कण्डेय सरोवर में विसर्जन के लिए गए थे। तभी विसर्जन के दौरान काफी श्रद्धालु एक साथ सरोवर में नहाने के लिए उतर गए जिसमें से अतुल कुमार, आर्यन, हेतराम, अजय कुमार नहाते नहाते सरोवर के गहरे पानी में चले गए, गहरे पानी में जाते ही वह डूबने लगे। उन्हें डूबता देख उनके साथ के ग्रामीण चीखने चिल्लाने लगे।
रेस्क्यू के बावजूद नहीं बची तीन की जान
स्थानीय गोताखोरों और पुलिस नें रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों डूबे युवकों को सरोवर से बाहर निकाला। गंभीर हालत को देखते हुए चारों श्रद्धालुओं को इलाज के लिए सैफई पीजीआई भेजा गया। इलाज के दौरान अतुल, आर्यन और हेतराम की मौत हो गई। वहीं अजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में हुई मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
