Sewer And Water Tax: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। वाटर और सीवर टैक्स के बिल अब आपके मोबाइल पर मिलेंगे। जलकल विभाग बिल मोबाइल पर भेजने की तैयारी कर रहा है। उपभोक्ताओं को अब जलकल विभाग के कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जलकल विभाग इसके लिए सीवर व वाटर कनेक्शन के रिकॉर्ड अपडेट कर रहा है। इसके साथ ही जलकल विभाग अपने रिकॉर्ड का नगर निगम के रिकॉर्ड से मिलान कराकर गलतियों में सुधार भी कर रहा है। करीब 95 हजार उपभोक्ताओं का डाटा मिल भी चुका है।
जलकल विभाग के नवागत महाप्रबंधक कुलदीप सिंह के अनुसार, आम सुविधाओं को लेकर जलकल विभाग में व्यापक पैमाने पर तैयारियां हो रही हैं। टैक्स जमा कराने के लिए ऑनलाइन प्रणाली को तो कारगर बनाया ही जा रहा है साथ ही आम उपभोक्ता को पानी और सीवर के बिल को लेकर इधर-उधर भटकना ना पड़े इसलिए उनके बिल उनके मोबाइल पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
नगर निगम के पास है 3.50 लाख का रिकॉर्ड
इसके साथ ही टेलीकॉलिंग की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। नगर निगम ने पिछले दिनों ताजनगरी में आवासीय और व्यवसायिक संपत्तियों का सर्वेक्षण कराया है। इसके तहत नगर निगम की सीमा में करीब 3.50 लाख संपत्तियां निकल कर सामने आई हैं। अभी तक करीब 1.25 लाख संपत्तियों का डाटा जलकल विभाग के पास था। 80 हजार संपत्तियों के बिल भी जलकल जनरेट कर रहा था। नगर निगम के रिकॉर्ड के आधार पर जलकल में कनेक्शनों का सत्यापन कराकर संपत्तियों को भी जोड़ा जाएगा।
कानपुर में एप से सीवर और पानी का टैक्स जमा करने की सुविधा
आपको बता दें कि, इससे पहले यूपी के कानपुर में भी 19 जुलाई 2022 को कानपुर की महापौर और जलकल महाप्रबंधक नीरज गौड़ ने एप लॉन्च किया था। एप से सीवर और पानी का टैक्स जमा किया जा सकता है। इसके साथ ही इस एप से बिल जमा करने से उपभोक्ताओं को 0.5 फीसदी की छूट भी मिल रही है। जलकल विभाग के एप में संबंधित अधिकारियों के नंबर भी मुहैया कराए हैं। इन नबंरों पर उपभोक्ता अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।
