UP Roadways: होली के पर्व पर यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े, इसके लिए यूपी परिवहन विभाग 12 मार्च तक अलर्ट मोड पर काम करेगा। होली पर यूपी रोडवेज ने दिल्ली, जयपुर, लखनऊ समेत कई शहरों के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन का एलान किया है। इसके अलावा रेलवे ने भी होली स्पेशल के साथ कई ट्रेनों में कोच बढ़ाकर और बुकिंग विंडो पर रेलकर्मियों की संख्या बढ़ाकर पूरे इंतजाम किए हैं। रोडवेज स्टाफ के अवकाश 12 मार्च तक रद्द कर दी गई हैं। इस दौरान अनुबंधित बसों का संचालन जरूरी रखने के भी निर्देश दिए हैं। बसों का संचालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल के अनुसार, होली पर यात्रियों का लोड 30-40 फीसदी तक बढ़ जाता है। आगरा परिक्षेत्र से दिल्ली, जयपुर, लखनऊ समेत कई शहरों से यात्रियों को होली से पहले घर लाने और होली के बाद वापस पहुंचाने के लिए 200 से ज्यादा अतिरिक्त बसों को चलाने का फैसला लिया है।
