आगरा

Agra Crime: आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला व्यापारी का शव, परिजन बोले-फोन कर बुलाया और मार डाला

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 4, 2022, 05:48 PM IST

Agra Suicide: आगरा में शू मैटेरियल व्यापारी का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। व्यापारी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। व्यापारी के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Image

आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला व्यापारी का शव (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा के नाई की मंडी के व्यापारी का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
  • रेलवे लाइन पर शू मैटेरियल व्यापारी का शव मिलने से सनसनी
  • परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Agra Murder: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की नाई की मंडी के छोटा गालिबपुरा में रहने वाले शू मैटेरियल व्यापारी का शव अछनेरा में रेलवे लाइन पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि, जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, छोटा गालिबपुरा नाई की मंडी में शू मैटेरियल व्यापारी मोहम्मद बुरहान (30) परिवार के साथ रहते थे। मोहम्मद बुरहान की आगरा की हींग की मंडी में शू मैटेरियल की दुकान है। बुरहान की शादी को जनवरी में तीन वर्ष पूरे होने वाले थे। शुक्रवार को उनकी पत्नी बेटे के साथ घर के पास ही मायके गई थी।

ससुर मोहम्मद सुहेल के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे बुरहान दुकान पर जाने वाले थे। लेकिन अचानक उन्होंने मां को दुकान की चाबी देकर कहा कि, पिता मोहम्मद यूसुफ बाजार से आएं तो उन्हें चाबी दे देना। पिताजी ही दुकान खोल लेंगे।

परिजन बोले-किसी ने फोन करके बुलाया

कुछ देर बाद जब पिता आए तो उन्होंने फोन मिलाया। इस पर बुरहान ने एक घंटे में घर आने की बात कही और फोन कट गया। जब देर रात तक व्यापारी घर नहीं आया तो परिजनों ने थाना नाई की मंडी में गुमशुदगी की तहरीर दी। देर रात पुलिस ने फोन कर बताया कि, अछनेरा में रायभा-बिचपुरी रेलवे लाइन पर बुरहान का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। आधार कार्ड से बुरहान की पहचान हुई। बेटे बुरहान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ससुर मोहम्मद सोहेल का आरोप है कि, बुरहान की हत्या हुई है। बुरहान को किसी ने फोन करके घर से बुलाया था। वह रोजाना स्कूटर से दुकान पर जाते थे। शुक्रवार को वह पैदल ही निकले थे। पैदल कोई अछनेरा तक कैसे पहुंच सकता है। सवाल यह भी है कि, उनका मोबाइल दोपहर में ही बंद हो गया था। जबकि शव रात में मिला।

अंतिम बार पत्नी से की बात-पुलिस

उधर, परिजनों ने बताया कि, बुरहान घर से एक घंटे में आने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उसकी अपने पिता से फोन पर बात भी हुई थी। परिजनों ने थाना नाई की मंडी पुलिस से जांच की मांग की है। थाना नाई की मंडी के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, बुरहान ने अंतिम बार अपनी पत्नी से भी बात की थी। इसके बाद फोन कट गया था। बुरहान चाबी और स्कूटर घर पर ही छोड़कर निकला था। मामला आत्महत्या का भी लग रहा है, जांच जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article