आगरा

Agra Fraud Case: जापान की महिला पर्यटक से 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी, मुंबई में कराई खरीदारी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 11, 2022, 01:44 AM IST

Agra Fraud Case: आगरा पुलिस ने जापानी महिला पर्यटक से धोखाधड़ी कर 23 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को जेवरातों की बिक्री का व्यापार करने का झांसा दिया और महिला से ठगी की थी।

Image

जापानी पर्यटक से 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी में एक गिरफ्तार

KEY HIGHLIGHTS
  • जापानी पर्यटक से 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी में एक गिरफ्तार
  • आरोपी ने महिला पर्यटक को जेवरातों की बिक्री का व्यापार करने का दिया झांसा
  • आरोपी ने जापानी पर्यटक से हर बार नया बहाना बनाया

Agra Fraud Case: जापानी पर्यटक से तीन साल पहले 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, यहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, जापान की महिला पर्यटक तीन वर्ष पहले ताजमहल देखने आई थी। यहां महिला को आरोपी ने ठगी का शिकार बना लिया। पीड़ित विदेशी महिला ने कोरोना काल की वजह से घटना का मुकदमा देर से दर्ज कराया था। शातिर आरोपी ने सोने के जेवरात का कारोबार करने के नाम पर विदेशी महिला को जाल में फंसाया था। इसके बाद आरोपी ने उससे खरीदारी कराई लेकिन जेवरात नहीं भेजे। क्योटो (जापान) की रहने वाली 56 वर्षीय महिला के साथ यह घटना घटी थी।

पीड़ित महिला पहली बार छह मार्च 2019 को भारत घूमने आई थीं। राजधानी दिल्ली से राजस्थान के पुष्कर पहुंची थीं। यहां से वह आगरा पहुंची। इस दौरान कार चालक होटल का रास्ता भटक गया था। चालक ने असद गली (ताजगंज) के रहने वाले अली हसन से पता पूछा तो उसने होटल की लोकेशन बता दी।

मुनाफा कमाने का दिया झांसा

इसके बाद अली हसन दूसरे दिन अपने चचेरे भाई के संग होटल पहुंचा। यहां पीड़िता से अली हसन ने बातचीत की और और उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने सोने के जेवरात की खरीद-फरोख्त के व्यापार की जानकारी दी। झांसा दिया कि, यहां जेवरात बनवाकर विदेश में बेचे जाएंगे तो बहुत मुनाफा कमाया जा सकेगा। वह दोनों साझे में काम कर सकते हैं। इसने ऑफर दिया कि दोनों 50 प्रतिशत की हिस्सेदारी कर लेते हैं। वह भारत से माल भेजा दिया करेगा। वह विदेश में जेवरात को बेचा दिया करें। महिला आरोपी की बातों में आ गई।

महिला को आरोपी मुंबई लेकर गया, खरीदारी कराई

पीड़िता के आरोपों के अनुसार, आरोपी ने आगरा में एक दुकान से जेवरातों की भी इस दौरान खरीदारी कराई। महिला पर्यटक ने अपने क्रेडिट कार्ड से जेवरात खरीदने के दौरान भुगतान किया। उसने अपने एटीएम से भी नकदी निकाली। इसके बाद आरोपी उसे मुंबई लेकर पहुंचा। यहां भी खरीदारी कराई। आरोपी ने महिला को कस्टम विभाग से प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेवरात भेजने की बात कही। महिला पर्यटक ने मार्च 2019 से 18 जुलाई 2019 तक करीब 23 लाख रुपये का भुगतान किया।

आरोपी ने महिला पर्यटक से हर बार नया बहाना बनाया

इस बीच विदेशी महिला पर्यटक दो बार भारत आईं। आरोपी हर बार कोई न कोई बहाना बना देता था। इसी बीच कोरोना में लॉकडाउन लागू हो गया। जनवरी 2022 में महिला पर्यटक ने पर्यटन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया। पर्यटक थाना प्रभारी जय सिंह परिहार के अनुसार, आरोपी अली हुसन के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। जांच की जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article