आगरा

Engineer Murder: आईटी इंजीनियर की मौत मामले में नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, गला दबाकर की थी हत्या

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2022, 04:27 PM IST

Agra Engineer Murder: आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने खुदकुशी नहीं की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या की पुष्टि हुई है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इंजीनियर की हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए उसकी कार नहर पटरी पर खड़ी की गई। शव को नहर में फेंका गया था।

Image

गला दबाकर हुई थी आगरा के आईटी इंजीनियर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • गला दबाकर हुई थी आगरा के आईटी इंजीनियर की हत्या
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई हत्या की पुष्टि
  • फिरोजाबाद के गांव झाल गोपालपुर स्थित नहर में मिला था शव

Agra Engineer Murder: चार दिसंबर को लापता हुए आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या से पहले उन्हें कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं दिया गया था यह जानने के लिए विसरा सुरक्षित रखा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि, आखिर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या किसने और क्यों की है। आपको बता दें कि, आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंचल तिवारी का शव फिरोजाबाद के गांव झाल गोपालपुर स्थित नहर में शुक्रवार को मिला था। मंगलवार को एटा कोतवाली देहात इलाके में जाबड़ा चौकी के पास पुलिस ने अंचल की कार बरामद की थी। उसके बाद से ही पुलिस नहर में अंचल तिवारी की खोज कर रही थी। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव बरामद कर लिया था।

जानकारी के अनुसार, सदर की गुरु गोविंद नगर कॉलोनी के रहने वाले अंचल तिवारी (31) स्व. महेंद्र कुमार तिवारी का इकलौता बेटा था। पिता सेना से रिटायर्ड होने के बाद कैंसर की चपेट में आ गए थे। पिता की इस बीमारी की जानकारी पर अंचल कोरोना काल से पहले ही सिंगापुर से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़कर आगरा पहुंच गए थे।

बहन से लगातार फोन के जरिए संपर्क में था इंजीनियर

आगरा में उन्होंने स्टार्टअप कंपनी बनाकर काम करना शुरू किया। अंचल कभी-कभी सिंगापुर भी जाता था। इसी बीच कोरोना से पिता की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि, पिता की मौत के बाद अंचल तिवारी पूरी तरह से टूट गया और तनाव में रहने लगा था। उसकी दो बहनें हैं। इनमें से एक की शादी नोएडा और दूसरी की गुरुग्राम में हो रखी है। परिजनों के अनुसार, अंचल कुछ समय से तनाव में था। पिछले सप्ताह ही अंचल बहनों के पास गया था। चार दिसंबर की सुबह वह नोएडा में रहने वाली बहन के यहां से निकला था। अंचल ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल भी चुकाया था। बहन से वह लगातार मोबाइल के जरिए संपर्क में था। आखिरी बार बहन से फोन पर उसकी बातचीत हुई थी। उस दौरान बहन को अंचल ने अपनी लोकेशन खंदारी फ्लाईओवर बताई थी।

नहर के पास मिली थी इंजीनियर की कार

इसके बाद उसकी कार लावारिस हालत में कमसान नहर के पास बरामद हुई थी। कार में उसका लैपटॉप, कपड़े आदि सामान मिला था। सूचना पर दयालबाग में रहने वाले उसके चाचा राजेंद्र बाबू तिवारी एटा पहुंचे थे। उन्होंने ही आगरा के सदर थाने में अपने भतीजे की चार दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रिपोर्ट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। इंजीनियर की हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव नहर में फेंक दिया था। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा के अनुसार, इंजीनियर की हत्या करके शव नहर में फेंकने के मामले की जांच की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article