Agra Double Murder: आगरा के खंदौली इलाके में मां-बेटी की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। आरोपी पति ने हत्या से पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की थी। इसके बाद गला दबाकर हत्या की थी। जब पत्नी की मौत हो गई तो आरोपी ने गला रेत दिया था। आरोपी ने अपनी मासूम बेटी का भी गला दबाया था। घटना के अगले दिन आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी पति रात दो बजे एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा से पैदल ही निकला था। अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस आरोपी की तलाश में आस-पास के जिलों में दबिश दे रही है।जानकारी के अनुसार, खंदौली इलाके के गांव पैतखेड़ा में रविवार रात में ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी मनमोहन ने अपनी पत्नी ममता और मासूम बेटी की हत्या की थी। पत्नी ममता और बेटी सौम्या के शव सोमवार सुबह घर में मिले थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पति मनमोहन फरार हो गया था।
ममता के शरीर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान पाए गए
मथुरा के फरह के गांव धर्मपुरा के बलवीर सिंह की बेटी ममता की शादी 26 जनवरी 2016 को मनमोहन सिंह के साथ हुई थी। दोनों के तीन साल का बेटा आरव और डेढ़ साल की बेटी सौम्या थी। सीओ एत्मादपुर रवि कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ममता के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में आशंका है कि, आरोपी मनमोहन ने ममता की पहले पिटाई की थी। फिर उसका गला दबाया। गला रेता भी था। लेकिन खून ज्यादा नहीं बहा। ऐसे में आशंका है कि उसकी मौत के बाद गला रेता गया।
यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
वहीं, पुलिस को छानबीन में सामने आया है कि, मनमोहन मां-बेटी की हत्या के बाद घर से पैदल ही निकला था। रात दो बजे उसने यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा को पैदल ही पार किया। वह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है। हालांकि टोल प्लाजा से गुजरने के बाद वह किस तरफ गया, इसका सीसीटीवी फुटेज में पता नहीं पता चल सका है। आरोपी मनमोहन का मोबाइल भी स्विचऑफ है। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि, वह पहले भी घर से बिना बताए चला गया था। इस दौरान भी वह किसी रिश्तेदारी में नहीं गया था। उस दौरान उसकी काफी तलाश की गई थी, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल पाया था। हालांकि बाद में मनमोहन खुद ही घर लौट आया था। थानाध्यक्ष खंदौली आनंद वीर सिंह ने बताया कि, आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। दो टीमों का गठन किया गया है, उसकी रिश्तेदारियों में पुलिस टीम दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।
