आगरा

UP Crime News: फिरोजाबाद में पकड़े जाने के डर से प्रेमिका को मारकर घर में गाड़ा, दो साल बाद पुलिस ने बरामद किया युवती का कंकाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 9, 2022, 08:20 PM IST

UP Murder News: फिरोजाबाद में एक युवक ने पकड़े जाने के डर से परिवार वालों के साथ मिलकर प्रेमिका का मर्डर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने प्रेमिका के शव को अपने घर में ही गाड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसकी प्रेमीका का कंकाल घर से बरामद कर लिया है।

Image

फिरोजाबाद में हत्या कर घर में दफना दिया प्रेमिका का शव।

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  1. युवक ने पकड़े जाने के डर से की प्रेमिका की हत्या
  2. हत्या के बाद शव को घर में गाड़ा, कंकाल बरामद
  3. पुलिस ने दो साल बाद किया घटना का खुलासा

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सिरसागंज थाना इलाके से करीब दो साल पहले गायब हुई युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। आरोपी प्रेमी ने पकड़े जाने के डर से परिवार वालों के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या की थी इसके बाद शव को अपने घर में ही गाड़ दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार के साथ फरार हो गया। जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया।

आरोपी युवक की निशानदेही पर पुलिस ने प्रेमिका का कंकाल बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि, आरोपी के कुछ परिजन भी हिरासत में हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, सिरसागंज थाना इलाके के गांव कीठौत का यह मामला है। कीठौत गांव की रहने वाली खुशबू के प्रेम संबंध गांव के ही गौरव से थे। खुशबू अपने प्रेमी गौरव के साथ रहना चाहती थी। लेकिन गौरव उसे साथ नहीं रखना चाहता था।

हत्या के बाद शव को घर के अंदर दफनाया

20 नवंबर 2020 को खुशबू अपने घर से भाग आई और गौरव के पास पहुंच गई। खुशबू ने उसे साथ रखने के लिए दबाव बनाया। इस पर गौरव ने उसे साथ रखने पर पकड़े जाने के भय से परिवार के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के अंदर दफना दिया। प्रेमिका की हत्या के बाद उसी रात को गौरव अपने पिता, भाई, अर्जेस और मां ज्ञान देवी के साथ फरार हो गया। खुशबू के घर से गायब होने के बाद युवती की मां देवी ने पड़ोसी गौरव समेत चार लोगों पर बेटी को फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में बॉर्डर के पास से पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को सिरसांगज ले आई।

शव गाड़कर डाल दिया था तख्त

थाने में पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुशबू की हत्या की बात कबूल कर ली। साथ ही बताया कि शव को मकान में दबा दिया था। आरोपी ने बताया कि जिस दिन युवती उसके पास आई थी उसी दिन उसकी हत्या कर दी थी। गौरव ने बताया कि, रातभर परिवार उसको अपनाने को राजी नहीं हुआ तो खुशबू की हत्या की थी। शव दफनाने के बाद ऊपर से तख्त डाल दिया था। पुलिस आरोपी गौरव को लेकर उसके घर पहुंची और उस जगह पुलिस ने खुदाई कराई जहां खुशबू का शव गाड़ा था।

खुदाई में पुलिस ने खुशबू का कंकाल बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि, गायब युवती खुशबू के कपड़े, कंकाल बरामद किए गए हैं। आरोपी गौरव परिवार के संग दिल्ली के बदरपुर में रह रहा था। आरोपी के कुछ परिजन भी हिरासत में लिए गए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ सिरसागंज अनिवेश सिंह ने जानकारी दी कि, गौरव और उसके पिता को गिरफ़्तार किया गया है, गौरव ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने खुशबू को अपने घर में दफना दिया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article