शहर

Agra Encounter: 25 हजार का इनामी बदमाश सुनील मुठभेड़ में ढेर, मासूम की हत्या का था आरोपी; पुलिसकर्मी भी जख्मी

आगरा में मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर में मुख्य आरोपी सुनील ढेर हो गया है, लेकिन इस एनकाउंटर के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत होने के बजाय और भड़क गया है।

Image

मासूम बच्ची के हत्या का आरोपी सुनील पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Photo : Times Now Digital

Agra Encounter: आगरा के ताजगंज क्षेत्र में 24 मार्च को लापता हुई 8 वर्षीय मासूम बच्ची का मामला बेहद दर्दनाक था। अगले ही दिन जब बच्ची का शव आरोपी सुनील के किराए के कमरे से बरामद हुआ, तो पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित की थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

मुठभेड़ में आरोपी की मौत

शनिवार को बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर सुनील को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक उपनिरीक्षक (SI) घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस को एक बाइक, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

एनकाउंटर के बाद सड़क पर उतरी जनता

आरोपी के मारे जाने की खबर फैलते ही ताजगंज के नीतिबाग स्थित गोबर चौकी पर भारी हंगामा शुरू हो गया। स्थानीय निवासियों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा। दर्जनों लोगों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और एनकाउंटर की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग यह थी कि मारे गए आरोपी का चेहरा सार्वजनिक किया जाए ताकि उसकी पहचान पुख्ता हो सके।

पुलिस का पक्ष और वर्तमान स्थिति

DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। आरोपी एक जघन्य अपराध का मुख्य संदिग्ध था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर हमला किया था। फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article