Agle 10 Din Ka Mausam: देशभर में अगले 10 दिनों के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है। कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। वहीं राजस्थान और विदर्भ जैसे क्षेत्रों में हीटवेव और उमस भरी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम प्रणालियों की बात करें तो, पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के रूप में कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में निचले और मध्य स्तरों पर स्थित है। वहीं प्रेरित ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर स्थित है। ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में निचले क्षोभमंडल स्तर पर स्थित है। इसके साथ ही निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तरों के बीच पछुआ हवाओं में एक गर्त लगभग 90° पूर्व देशांतर के अनुदिश 22° उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है। 2 मई 2026 से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। प्रतिचक्रवाती परिसंचरण (Anticyclonic Circulation) आंतरिक महाराष्ट्र और उससे सटे तेलंगाना में निचले क्षोभमंडल स्तर पर स्थित है। अब आइए जानें अलग-अलग राज्यों में अगले 10 दिन का मौसम (Agle 10 Din Ka Mausam) कैसा रहेगा?
आने वाले 10 दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में इस सप्ताह व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भारत में 3 से 6 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में मौसम के बदलने से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
जम्मू-कश्मीर से यूपी तक 10 दिन का मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 मई को जबकि उत्तराखंड में 1 मई से 6 मई तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में 10 दिनों के मौसम का हाल
पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक मौसम काफी सक्रिय बना रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ सकता है।
अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी मौसम करवट ले सकता है। अगले कुछ दिनों तक यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा 10 दिन का मौसम?
दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में तेज आंधी चल सकती है, जबकि दक्षिण कर्नाटक में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
हीटवेव को लेकर IMD का अलर्ट
तापमान को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 2 मई तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 3 से 6 मई के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। मध्य भारत में तापमान में हल्की कमी दर्ज हो सकती है, जबकि देश के अन्य हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हीटवेव को लेकर भी विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विदर्भ में 1 मई को तथा पश्चिम राजस्थान में 2 और 3 मई को लू चलने की आशंका है। वहीं ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 10 मई तक मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रह सकता है।
