शहर

Noida News: नियमों को ताक पर रखे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक महीने में 5 हुए सील

गौतम बुद्ध नगर में स्वास्थ्य विभाग ने मानकों का उल्लंघन करने वाले अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एक महीने में पांच सेंटर सील किए। स्वास्थ्य विभाग ने ​​भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी गंभीर सामाजिक अपराधों की आशंका के बीच औचक निरीक्षण कर कई केंद्रों की जांच की, जिसमें नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आई। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

Image

एक महीने में 5 अल्टासाउंड सेंटर सील

Noida News: गौतम बुद्ध नगर जिले में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच अभियान चलाया है। इस दौरान मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे 5 अल्ट्रासाउंड सेंटरों को पिछले एक महीने में सील किया गया है। जांच अभियान के दौरान कई अल्टासाउंड केंद्रों में डॉक्टर की गैरमौजूदगी, दस्तावेजों की कमी और सीसीटीवी न होने जैसी गंभीर खामियां सामने आई हैं।जिसके बाद इन सेंटरों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

भ्रूण लिंग जांच पर बड़ी कार्रवाई

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि अक्टूबर में सेक्टर-37 स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र ’भारत स्कैनिंग सेंटर’ में भ्रूण लिंग परीक्षण की गुप्त सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि औचक निरीक्षण में इसे सही पाए जाने पर केंद्र को सील कर दिया गया और थाना सेक्टर-39 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर अन्य केंद्रों की जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पांच केंद्रों पर मानकों का उल्लंघन पाया गया। कई स्थानों पर चिकित्सक की अनुपस्थिति में अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे तथा आवश्यक दस्तावेज और सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने बताया कि संबंधित केंद्रों के विरुद्ध प्रसव पूर्व एवं प्रसव निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 के तहत कार्रवाई की गई।

डॉ. सोनी के अनुसार, छिजारसी स्थित लाइफ केयर अल्ट्रासाउंड सेंटर, हाइटेक डायग्नोस्टिक सेंटर, बिसरख स्थित नवजीवन डायग्नोस्टिक सेंटर, कासना स्थित हर्ष अल्ट्रासाउंड सेंटर तथा दनकौर स्थित कृष्णा अस्पताल की जांच की गई। उन्होंने बताया कि कृष्णा अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन सील की गई और दस्तावेजों की जांच के बाद हाइटेक डायग्नोस्टिक सेंटर और नवजीवन डायग्नोस्टिक सेंटर को पुनः खोलने की अनुमति दे दी गई।

उन्होंने बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article