Omar Abdullah On Pakistan: गुरुवार की रात जम्मू में पाकिस्तान की ओर से हुए असफल ड्रोन हमलों के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वहां पहुंचे। वहां जाकर वो लोगों से मिले और मीडिया से बात भी की। हालिया स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने पाकिस्तान को अपनी बंदूकें खामोश रखने को कहा और पाकिस्तान को ऐसे हालात बनाने के लिए दोषी ठहराया।
क्या बोले अब्दुला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मीडिया से कहा कि "उनकी(पाकिस्तान) तरफ से जिस तरह आम लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। जम्मू शहर पर ड्रोन से हमले की कोशिश की गई। लेकिन हमारी सुरक्षा बलों ने उनके सारे ड्रोन नाकाम किए, एक भी ड्रोन निशाने पर नहीं पहुंच पाया...ये हालात हमने नहीं बनाए। पहलगाम में हमारे लोगों पर हमला हुआ। उसका हमने जवाब दिया। लेकिन अब इसे बढ़ाने का सिलसिला पाकिस्तान की तरफ से हो रहा है उसमें पाकिस्तान को कोई फायदा नहीं है, न उनकी कोई कामयाबी होगी। बेहतर यही होगा कि वे अपनी बंदूकें खामोश करें..."
भारत ने रोक दिए थे सभी ड्रोन
बता दें कि सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायु रक्षा ने जम्मू हवाई अड्डे के पास लॉन्च किए गए कई ड्रोन को बेअसर कर दिया गया था, जिसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इसके अलावा, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जम्मू के पास आठ मिसाइलों को रोका गया - उन सभी को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया। हमले के कारण रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर में भी अस्थायी ब्लैकआउट हुआ, और सुरक्षा उपायों के बावजूद श्रीनगर में भी इसी तरह की बिजली कटौती की सूचना मिली।
जम्मू और पश्चिमी सीमा के पास कई सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने हवाई हमले किए, जिसे गुरुवार रात भारत की वायु रक्षा प्रणालियों ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया। सशस्त्र बलों ने कहा कि कोई नुकसान नहीं हुआ है।
