LIVE
बारिश का इंतजार हो सकता है खत्म, उत्तर भारत में अब भी सूरज तपा रहा धरती, यूपी-बिहार में राहत की उम्मीद
गर्मियां इतनी हैं कि राष्ट्रीय राजधानी में हीट इंडेक्स अर्धशतक का आंकड़ा छू रहा है। हालत इतनी खराब है कि रातें भी गर्म हो रही हैं। दिन में लू और और रात में गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारतीय इलाकों में एकमात्र उम्मीद बारिश है और सभी बादलों की ओर उसी आस से देख रहे हैं। आज बारिश की संभावना बनते दिख रही है।
बारिश का इंतजार हो सकता है खत्म, उत्तर भारत में अब भी सूरज तपा रहा धरती, यूपी-बिहार में राहत की उम्मीद
JUN 13, 2025 20:44 IST
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर भारत में 13 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लेकिन उमस और गर्मी के बीच शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना रहेगी। 14 जून से मौसम में ठंडक घुलने लगेगी और अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री हो जाएगा। 15 जून को यह गिरावट और तेज होगी, जब अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया जाएगा। इन दिनों के लिए 'थंडरस्टॉर्म विद रेन' का पूर्वानुमान है, जिससे मौसम राहत भरा रहेगा। इसके अलावा 16, 17, 18 और 19 जून को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह बारिश लोगों को गर्मी से राहत देगी, वहीं किसानों के लिए भी यह सकारात्मक संकेत है।
JUN 13, 2025 14:43 IST
आज भी सबसे गर्म रहा राजस्थान
आज देश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर का दर्ज किया गया। यहां का पारा आज 47.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।
JUN 13, 2025 14:27 IST
दिल्ली में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मामले बढ़े
दिल्ली के अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मामले बढ़ गए हैं। डॉक्टरों कहना है कि पिछले कुछ दिन से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के अस्पतालों में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। दिल्ली में भीषण गर्मी का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। धूप में काम करने वालों के स्वास्थ्य पर गर्मी का सबसे अधिक प्रतिकूल असर पड़ता है। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट अस्पताल के श्वसन चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. अवि कुमार ने बताया कि ओपीडी के सात से 10 प्रतिशत मरीज भीषण गर्मी से जुड़ी बीमारियों के हैं जबकि पांच से आठ प्रतिशत मरीजों में इससे संबंधित लक्षण हैं।
JUN 13, 2025 14:26 IST
दिल्ली में आज सुबह 31 डिग्री रहा तापमान
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक है। आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दिन में बाद में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
JUN 13, 2025 14:25 IST
उत्तर कन्नड़ में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण कई निचले इलाके और सैकड़ों घर जलमग्न हो गए हैं जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इलाके में 11 जून की रात से शुरू हुई लगातार बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही। कारवार के प्रमुख शहरी और ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश हुई, सड़कें नालों में बदल गईं और नाले उफान पर आ गए। कारवार में एमजी रोड, गीतांजलि सिनेमा, हाई चर्च क्षेत्र, कोड़ीबाग और साई कट्टे के पास की सड़कों पर जलभराव हो गया और दुकानों, मंदिरों तथा घरों में पानी घुस गया।
JUN 13, 2025 12:58 IST
राजस्थान में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को उदयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद तेज आंधी-बारिश हो सकती है, जबकि जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री दर्ज होने तथा प्रचंड लू का दौर जारी रहने की संभावना है। कल यानी 14 जून को उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मानसून पूर्व की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने का अनुमान है।
JUN 13, 2025 12:09 IST
राजस्थान में कैसा है मौसम
पूर्वी राजस्थान में आज कहीं कहीं लू चली और बीती रात गर्म रही, कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई, पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहा, कुछ इलाकों में भीषण हीटवेव भी दर्ज की गई।
JUN 13, 2025 11:45 IST
दिल्ली में जल्दी आ सकता है मानसून
मौसम विभाग ने दिल्ली में मानसून आने को लेकर ये पूर्वानुमान जताया है कि इस साल मानसून करीब 10 दिन पहले आ सकता है। दिल्ली में मानसून आने की आधिकारिक तारीख 30 जून होती है लेकिन इस बार 20 तारीख को ही संभावना जताई जा रही है।
JUN 13, 2025 10:07 IST
दक्षिणी राज्यों में आज भी बारिश
देश के दक्षिणी इलाके में आज भी बारिश -गोवा, तटीय कर्नाटक को रेड वार्निंग दी गई है और इन इलाकों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र के हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
JUN 13, 2025 09:33 IST
MP में बारिश के साथ लू
मध्य प्रदेश में गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर भी चल रहा है। कई जिलों में उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। आज उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के 12 जिलों में लू का अलर्ट है।
JUN 13, 2025 08:48 IST
कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम
लखनऊ में आज भी दिन काफी गर्म रहने वाला है। दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शाम के समय कुछ बादल दिख सकते हैं। लखनऊ में आज का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
JUN 13, 2025 08:07 IST
दिल्ली में दिख रही बारिश की उम्मीद
दिल्ली में आज बारिश की कुछ संभावना दिख रही है लेकिन हीटवेव का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शनिवार को किसी तरह की चेतावनी नहीं है और साथ ही आंधी-पानी की संभावना भी जताई गई है।
JUN 13, 2025 07:20 IST
यूपी में लू का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों, पश्चिमी और पूर्वी में दिन के समय कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी भाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
JUN 13, 2025 06:37 IST
बिहार में कल डेहरी रहा सबसे गर्म
कल बिहार में डेहरी का पारा सबसे गर्म रहा। डेहरी में कल अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इसके बाद गोपालगंज में सबसे अधिक तापमान रहा। गोपालगंज में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
JUN 13, 2025 06:02 IST
कल से दिल्ली में बारिश
शनिवार से दिल्ली में तड़क-गरज के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
JUN 13, 2025 06:02 IST
गर्मी का कहर अभी खत्म नहीं
दिल्ली में रेड अलर्ट हटा लिया गया है, अब यहां हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना बनती दिख रही है।
JUN 13, 2025 06:02 IST
बिहार में इन शहरों में आज बारिश
बिहार के अधिकतर जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबादी होने की संभावना है। राज्य के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कैमूर, रोहतास एवं बक्सर जिलों के एक या दो जगहों पर तड़क-गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।
JUN 13, 2025 06:01 IST
बिहार में मानसून देर
हर साल 13 से 15 जून को बिहार में मानसून के आने की तारीख मानी जाती है। मौसम विभाग ने मानसून में देरी के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने हाल के तापमान में कोई बदलाव नहीं होने की बात भी कही है। हालांकि, 16 जून से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
JUN 13, 2025 06:01 IST
यूपी में कब बरसेंगे बादल
यूपी में सूरज की तपिश हाल बेहाल कर रही है। हालांकि पूर्वांचल के इलाकों में थोड़ी राहत दिख सकती है। शनिवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।
