शहर

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 63 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 36 पर था 1.19 करोड़ का इनाम

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 63 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है तथा उनमें 36 पर 1.19 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दंतेवाड़ा : जिले में शुक्रवार को 63 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उनमें से 36 पर 1.19 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जारी नक्सल विरोधी मोर्चे पर सुरक्षाबलों को शुक्रवार को महत्वपूर्ण सफलता मिली जब पूना मारगेम (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान से प्रभावित होकर 36 ईनामी समेत 63 माओवादी समाज की मुख्यधारा में शामिल हो गए। आज आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में 18 महिलाएं हैं।

36 माओवादियों पर एक करोड़, 19 लाख, 50 हजार का इनाम

अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी दक्षिण बस्तर, पश्चिम बस्तर, अबूझमाड़ और उड़ीसा में सक्रिय थे। उनमें 36 माओवादियों पर एक करोड़, 19 लाख, 50 हजार का इनाम घोषित था। अधिकारियों के अनुसार माओवादियों के आत्मसमर्पण करने के समय केंद्रीय रिवर्ज पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप महानिरीक्षक राकेश चौधरी, दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक गौरव राय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में डिविजनल कमेटी सदस्य और कालाहांडी एरिया कमेटी सचिव पाकलू उर्फ रैनू (45), पश्विम बस्तर डिवीजन छात्र संगठन अध्यक्ष मोहन उर्फ संजय (32), भैरमगढ़ एरिया कमेटी सचिव सुमित्रा उर्फ द्रोपती (30), मिलिट्री कंपनी नंबर 10 की सदस्य हुंगी उर्फ अंकिता (28), कंपनी नंबर एक सदस्य सुखराम ताती (20), कंपनी नंबर सात का सदस्य पांडू मड़काम (19) और सोमडू कड़ती उर्फ रिंकू (21) शामिल हैं। इन सभी नक्सलियों पर आठ-आठ लाख रुपए का इनाम घोषित था।

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सात अन्य कैडरों पर पांच-पांच लाख रुपये, आठ कैडरों पर दो-दो लाख रुपये, 11 कैडरों पर एक-एक लाख रुपये और तीन कैडरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आज आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में 36 पर सामूहिक रूप से एक,19 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

अधिकारियों ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की जाएगी तथा सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा। सात जनवरी को, सुकमा जिले में 26 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। 2025 में राज्य में 1500 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!