शहर

उत्तराखंड की नौकरशाही में बड़ा फेरबदल, देर रात हुआ 33 IAS और 24 PCS अधिकारियों का तबादला; इन जगहों के बदले जिलाधिकारी

गुरुवार की रात उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक अदला-बदली हुई। धामी सरकार ने दो अलग अलग आदेश जारी करके 33 IAS और 24 PCS अधिकारियों का तबादला कर दिया। कुल 57 अधिकारियों के पदों को तत्काल प्रभाव से बदला गया है।

Image

उत्तराखंड में 57 IAS-PCS का ट्रांसफर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Uttarakhand News: उत्तराखंड के प्रशासन में एक बड़ा फेरबदल हुआ है। गुरुवार की देर रात उत्तराखंड सरकार ने 33 IAS और 24 PCS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। अलग-अलग जारी किए गए आदेश में धामी सरकार ने कुल 57 अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए। तत्काल प्रभाव से किए गए इस तबादले के आदेश में अधिकारियों को नए पद का कार्यभार संभालना होगा।

उत्तराखंड प्रशासन में हाल ही में किए गए विभागीय बदलावों के तहत 1992 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी और मुख्य सचिव आनंद बर्धन से जलागम विभाग का प्रभार हटा लिया गया है। अब यह जिम्मेदारी 2003 बैच के अधिकारी दिलीप जावलकर को सौंप दी गई है। जावलकर अब तक वित्त, निर्वाचन एवं सहकारिता विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे। उन्हें सहकारिता विभाग से मुक्त कर दिया गया है, जबकि बाकी दो विभागों की जिम्मेदारी उनके पास बनी रहेगी।

इसी क्रम में इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) के अधिकारी पराग मधुकर, जो अब तक जलागम विभाग के मुख्य सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे, उन्हें इस जिम्मेदारी से हटाकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

फेरबदल के तहत 2012 बैच के IAS अधिकारी आशीष कुमार चौहान को पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी का निदेशक नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। चौहान की जगह अब 2012 बैच की ही अधिकारी स्वाति एस भदौरिया को पौड़ी गढ़वाल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। स्वाति इससे पहले राज्यपाल की अपर सचिव के साथ-साथ भाषा, तकनीकी शिक्षा और सिंचाई विभाग की अहम जिम्मेदारियां निभा रही थीं। स्वाति एस भदौरिया के स्थान पर अब 2013 बैच की अधिकारी रीना जोशी को राज्यपाल का अपर सचिव बनाया गया है।

2015 बैच के IAS अधिकारी नवनीत पांडे को चंपावत के जिलाधिकारी पद से हटाया गया है और अब उन्हें कार्मिक एवं सतर्कता विभाग का अपर सचिव नियुक्त किया गया है। इसी तरह, 2016 बैच के अधिकारी सौरभ गहरवार को रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी पद से मुक्त करते हुए सिडकुल (SIDCUL) प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उत्तराखंड के मुख्य PMGSY अधिकारी के रूप में भी नियुक्त किया गया है। वहीं 2016 बैच के ही अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट को उत्तरकाशी के जिलाधिकारी पद से हटाकर ऊर्जा एवं सहकारिता विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article