Assam Factory Blast: असम के कछार जिले में रविवार को लोहे की ढलाई करने वाली एक इकाई में संदिग्ध तौर पर सिलेंडर विस्फोट होने से कम से कम चार श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर बाद उधारबंद थाना क्षेत्र के पंगराम स्थित 'कडे ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एलएलपी और 'आईआरआईडी कास्टिंग वर्क्स एलएलपी के साझा परिसर में हुई। उन्होंने कहा, "अचानक हुए विस्फोट से फैक्टरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।"
विस्फोट होने से हुआ हादसा
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ढलाई कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मारे गए चार लोगों की पहचान किरण मुंडा, अप्पू बाराइक, श्यामला गौर और सागर नाथ के तौर पर की गई है। मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और चार लोगों को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा, "औद्योगिक लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी चूक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
चूक के पहलू से मामले की जांच जारी
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि कछार जिला पुलिस सुरक्षा में हुई चूक के पहलू से मामले की जांच कर रही है और प्रबंधक समेत तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सीएम सरमा ने कहा, "मैंने विधायक राजदीप गोआला से परिवारों से मिलने और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। हम मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान करेंगे।"
मंत्री कौशिक राय ने किया घटनास्थल का दौरा
असम के आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। राय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा, "विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियां अलग-अलग जांच करेंगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
