राजकोट : जिले में शनिवार दोपहर अजी बांध में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य लापता है। यह घटना शाम करीब चार बजे हुई जब परिवार बांध के पास स्थित एक मंदिर के दर्शन करने गया था। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेतल पटेल ने बताया कि रोहित जाधव (26) पानी में उतरा था, लेकिन वह डूबने लगा।
उसे बचाने के लिए उसके भाई धवल जाधव (18) और उसके रिश्तेदार ध्रुव मकवाना (15) ने कोशिश की, लेकिन वे खुद भी पानी के बहाव में फंस गए। धवल के पिता भरत जाधव (42) उन्हें बचाने के लिए पानी में कूदे, लेकिन वह भी डूब गए। परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि रोहित अब भी लापता है, जबकि अन्य तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रोहित की तलाश के लिए अभियान जारी है।
जबलपुर बरगी बांध हादसे का क्या है अपडेट
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में दो दिन पहले हुई क्रूज नाव दुर्घटना में शनिवार शाम दो और बच्चों के शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित यह नाव बृहस्पतिवार शाम तेज आंधी के दौरान पलट गई थी। कुछ बचे लोगों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरती गई और समय पर लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराए गए।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि विराज सोनी (6) और तमिल (5) के शव शनिवार को बरामद किए गए।
उन्होंने कहा कि तमिल के पिता कामराज, जो खमरिया स्थित आयुध निर्माणी में कार्यरत हैं, और उनके भतीजे मयूरम (5) अब भी लापता हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोताखोरों और आपदा प्रतिक्रिया टीमों ने तलाश का दायरा बढ़ाकर पांच किलोमीटर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त नाव में सवार 41 यात्रियों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से 28 को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 200 से अधिक बचावकर्मी, जिनमें आगरा से वायु मार्ग से लाए गए सेना के करीब 20 गोताखोर शामिल हैं, शनिवार सुबह पांच बजे से फिर शुरू हुए अभियान में जुटे हुए हैं। तेज हवाओं के कारण सुबह करीब नौ बजे अभियान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
एसडीपीओ मिश्रा ने बताया कि अब तक नौ मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ’’हमारी प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश करना है। मामले में जल्द ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने बताया कि सवारियों के चढ़ने के स्थान के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में 43 लोग नाव की ओर जाते दिखे हैं, जबकि अब तक 41 यात्रियों की पहचान की पुष्टि हुई है।
राज्य सरकार ने शुक्रवार को इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। चालक दल के तीन सदस्यों को बर्खास्त कर दिया है और राज्य में इस प्रकार की अन्य नौकाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिल्ली और नोएडा समेत एनसीआर के अन्य भागों पर बादलों की आवाजाही जारी है और कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।
जूनागढ़ में बस हादसा
गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक बस के पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह बस लगभग 40 यात्रियों को लेकर भावनगर से द्वारका और सोमनाथ की यात्रा पर जा रही थी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगरोल कस्बे से कुछ किलोमीटर दूर रहीज गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई, जब चालक ने सड़क पर अचानक आई नीलगाय को देखा और वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। जूनागढ़ के पुलिस उपाधीक्षक डी.वी. कोडियातर ने बताया, "दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, पीड़ितों की मदद की और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पलटी हुई बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एक खुदाई मशीन (एक्सकेवेटर) का भी उपयोग किया गया।
