शहर

31 दिसंबर को सावधान, जश्न से पहले आ गया ट्रैफिक प्लान; कार बन जाएगी जी का जंजाल!

31 दिसंबर की रात एंजॉय करने के लिए अगर घर से बाहर निकल रहे हैं तो दिल्ली के अंदर ट्रैफिक का हाल समझ लीजिए। शहर के सबसे ज्यादा पार्टी पसंदीदा क्षेत्रों में कुछ प्रतिबंध रहेंगे। पुलिस ने कहा है कि पार्किंग ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होगी और अनधिकृत पार्किंग करने पर वाहन को जब्त किया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Delhi Trafic

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : नये साल के जश्न के लिए कनॉट प्लेस में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को परामर्श जारी कर 31 दिसंबर की शाम सात बजे से क्षेत्र में निजी और सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने भी सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार रात नौ बजे के बाद बंद रहेंगे। पुलिस ने बताया कि नये साल के स्वागत के लिए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए पैदल यात्रियों और वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। परामर्श के अनुसार, यातायात प्रतिबंध 31 दिसंबर की शाम सात बजे से लागू होंगे और जश्न की समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे। ये प्रतिबंध विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को छोड़कर सभी निजी और सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर लागू होंगे।

यहां रहेगा प्रतिबंध

पुलिस के मुताबिक, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, पटेल चौक, गोल मार्केट, जीपीओ और कस्तूरबा गांधी मार्ग-फिरोजशाह रोड चौराहे, जय सिंह रोड-बंगला साहिब लेन और विंडसर प्लेस जैसे निर्धारित बिंदुओं से आगे किसी भी वाहन को कनॉट प्लेस की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परामर्श में कहा गया कि वैध प्रवेश पास वाले वाहनों को छोड़कर, कनॉट प्लेस के अंदरूनी, मध्य या बाहरी सर्किल में वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

इंडिया गेट पर भारी भीड़ की संभावना

इंडिया गेट पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ओ-पॉइंट, डब्ल्यू-पॉइंट, एमएलएनपी और सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर, कर्तव्य पथ-रफी मार्ग, मथुरा रोड-पुराना किला रोड, शेर शाह रोड और जाकिर हुसैन मार्ग जैसे स्थलों पर भी यातायात को प्रतिबंधित किया जा सकता है या उनके मार्ग में परिवर्तन किया जा सकता है।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

यातायात पुलिस ने उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम आवाजाही के लिए रिंग रोड, मथुरा रोड, रानी झांसी मार्ग, पचकुइयां रोड, मंदिर मार्ग और मदर टेरेसा क्रिसेंट जैसे वैकल्पिक मार्गों के उपयोग का सुझाव दिया है। कनॉट प्लेस क्षेत्र में पार्किंग के लिए काली बाड़ी मार्ग, पंडित पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाब गंज रोड, कॉपरनिकस मार्ग, बाबर रोड, तानसेन मार्ग, विंडसर प्लेस और रायसीना रोड जैसे स्थानों को चिह्नित किया गया है।

पार्किंग का क्या रहेगा हाल

पुलिस ने कहा है कि पार्किंग ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होगी और अनधिकृत पार्किंग करने पर वाहन को जब्त किया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दक्षिण दिल्ली में साकेत स्थित सिलेक्ट सिटीवॉक, डीएलएफ एवेन्यू और एमजीएफ मेट्रोपॉलिटन जैसे लोकप्रिय मॉल में नये साल के जश्न के मद्देनजर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

यहां रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को दोपहर दो बजे से प्रेस एन्क्लेव रोड के साथ-साथ साकेत और पुष्प विहार की आंतरिक सड़कों पर यातायात के मार्ग बदले रहेंगे। इसके अलावा, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर शेख सराय रेड लाइट, महरौली-बदरपुर रोड पर एशियन मार्केट रेड लाइट और श्री अरबिंदो मार्ग पर पीटीएस मालवीय नगर लाइट से भी यातायात को अन्य मार्गों पर मोड़ा जाएगा।

पुलिस के अनुसार, शेख सराय से हौज रानी के बीच सड़क के सभी 'कट' बंद रहेंगे। साथ ही, प्रेस एन्क्लेव रोड पर भारी वाहनों और डीटीसी व क्लस्टर बसों के चलने पर पाबंदी होगी। इसके अलावा, डीटीसी और क्लस्टर बसों को एमबी रोड से पुष्प विहार की ओर जाने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। यात्रियों को इन प्रभावित सड़कों से बचने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है। लोग अपनी मंजिल के हिसाब से खानपुर टी-पॉइंट, एमबी रोड, लाडो सराय, चिराग दिल्ली और टीबी अस्पताल जंक्शन जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर सकते हैं।

एक अन्य परामर्श में दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि नये साल के दौरान श्री माता झंडेवालान मंदिर में भारी भीड़ होने के कारण 31 दिसंबर और 1 जनवरी को रानी झांसी रोड और पहाड़गंज क्षेत्र के आसपास के रास्तों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

पुलिस ने वाहन चालकों को व्यस्त समय के दौरान रानी झांसी रोड से यात्रा करने बचने और डीबीजी रोड, न्यू रोहतक रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का सुझाव दिया है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का आग्रह किया है क्योंकि कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के पास पार्किंग की जगह बेहद सीमित होगी। यात्रियों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का भी अनुरोध किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article