बिजनेस

सुकन्या समृद्धि योजना पर क्या घटेंगी ब्याज दर? संसद में सरकार ने दिया जवाब

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में निवेश करने वाले माता-पिता के लिए अच्छी खबर है। सरकार इस स्कीम पर मिलने वाले ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं करने जा रही है। इस स्कीम पर अभी सबसे अधिक 8.2% की दर से ब्याज मिलती है।

Image

सुकन्या समृद्धि योजना

बेटियों के लिए शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना पर क्या ब्याज घटने वाला है? क्या सरकार सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए इसकी ब्याज दर में बदलाव करने की सोच रही है? वित्त मंत्रालय ने अब संसद में अपना रुख साफ कर दिया है। सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के तहत ब्याज दर में तत्काल कोई बदलाव करने की योजना से साफ इनकार कर दिया है। यह योजना भारत में बच्चियों के लिए चलाई जाने वाली सबसे लोकप्रिय छोटी बचत योजनाओं में से एक है। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सुकन्या समृद्धि खाता योजना के तहत ब्याज दर 1 जनवरी, 2024 से 8.2% प्रति वर्ष बनी हुई है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि फिलहाल ब्याज दर में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।

क्या निवेशकों का रुझान कम हुआ?

क्या कम ब्याज दरों की वजह से क्या इस स्कीम में निवेश की रफ्तार धीमी हो गई है? लेकिन सरकार ने ऐसी सभी बातों को सिरे से खारिज कर दिया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत सब्सक्रिप्शन (जमा और खातों की संख्या) 2014-15 से लगातार बढ़ रहे हैं। संसद में शेयर किए गए डेटा से पता चलता है कि 2015 में इस स्कीम के शुरू होने के बाद से, खातों की संख्या और कुल जमा, दोनों में तेजी से और लगातार बढ़ोतरी हुई है।

वर्षखाते (लाख में)जमा (₹ लाख करोड़)
2014-154.20.001
2015-1669.990.07
2016-17100.840.17
2017-18124.290.32
2018-19155.340.50
2019-20192.50.73
2020-21232.681.01
2021-22293.751.39
2022-23350.081.75
2023-24387.152.37
2024-25424.572.99
यह डेटा दिखाता है कि जमा राशि लगभग ₹3 लाख करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि खातों की संख्या 4.2 करोड़ से ज़्यादा हो गई है, जो इस स्कीम की लोकप्रियता को दिखाता है।

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) ब्याज दर का ट्रेंड

अवधिब्याज दर (%)
03.12.2014 – 31.03.20159.1
01.04.2015 – 31.03.20169.2
01.04.2016 – 30.09.20168.6
01.10.2016 – 31.03.20178.5
01.04.2017 – 30.06.20178.4
01.07.2017 – 31.12.20178.3
01.01.2018 – 30.09.20188.1
01.10.2018 – 30.06.20198.5
01.07.2019 – 31.03.20208.4
01.04.2020 – 31.03.20237.6
01.04.2023 – 31.12.20238.0
01.01.2024 – 31.03.20268.2
SSY खाता कौन खोल सकता है?

माता-पिता या कानूनी अभिभावक, किसी भी बेटी के नाम पर यह खाता खोल सकते हैं। खाता खोलते समय बच्ची की उम्र 10 साल से कम होनी चाहिए। हर बेटी के लिए सिर्फ एक खाता खोलने की अनुमति है (एक परिवार में ज्यादा से ज्यादा दो खाते खोले जा सकते हैं।)

  • 250 रुपये से न्यूनतम निवेश से शुरुआत
  • इस स्कीम में न्यूनतम वार्षिक जमा: ₹250
  • अधिकतम वार्षिक जमा: ₹1.5 लाख
  • जमा अवधि: 15 वर्ष
  • परिपक्वता: खाता खोलने के 21 वर्ष बाद या विवाह के समय (18 वर्ष की आयु के बाद)
  • कर लाभ: धारा 80C के तहत EEE छूट मिलती है।
Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article