Stock on Budget Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार सत्ता में आने के बाद भारतीय शेयर बाजारों की निगाहें नई सरकार के आगामी बजट पर टिक गई हैं। शेयर बाजार एक्सपर्ट और एनोच वेंचर्स के डायरेक्टर और सीईओ विजय चोपड़ा ने ईटी नाउ स्वदेश से बातचीत में कहा कि बजट शेयर बाजार के लिए एक बड़ा ट्रिगर है। उन्होंने कहा कि बजट के अलावा मानसून भी स्टॉक मार्केट के लिए अहम ट्रिगर रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछला बजट एक औपचारिकता मात्र था, लेकिन मेरा मानना है कि आगामी बजट अहम होगा और सरकार इसमें कुछ साहसिक कदम उठाएगी। बजट और मानसून के मद्देनजर कुछ शेयर दांव लगाने के लिए अच्छे हो सकते हैं। एक्सपर्ट ने कुछ शेयरों के नाम सुझाए हैं।
ये भी पढ़ें -
किन सेक्टरों पर करें फोकस
चोपड़ा का मानना है कि इस बार सरकार द्वारा कुछ मजबूत फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आगे शेयर बाजार का प्रदर्शन सरकारी पॉलिसियों से जुड़ा होगा। परंपरागत सेक्टरों पर टिप्पणी करते हुए, चोपड़ा ने कहा कि अधिक से अधिक मिड-कैप और स्मॉल-कैप क्षेत्रों पर विचार करें, जहां अच्छा मुनाफा आ रहा है।
मगर उन्होंने इस उत्साह में न फंसने की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहाकि यदि आप एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल्स और आईटी जैसे सेक्टरों में निवेश करते हैं, तो आम तौर पर स्टेबल ग्रोथ होती है।
इन बड़े शेयरों में है दम
चोपड़ा इन्फोसिस, टीसीएस सहित आईटी दिग्गजों को लेकर आशावादी हैं और उन्हें इनमें कुछ तेजी की उम्मीद है। वे रिलायंस इंडस्ट्रीज पर भी आशावादी हैं। अन्य शेयरों में उन्होंने फार्मा सेक्टर में डॉ रेड्डीज, एफएमसीजी सेक्टर में हिंदुस्तान लीवर, मैरिको और डाबर इंडिया पर भरोसा जताया है।
इसके नेस्ले इंडिया पर भी वे भरोसा कर रहे हैं और उन्होंने कहा कि यह भी एक अच्छी मल्टीनेशनल कंपनी है जिसकी प्रॉफिटेबिलिटी का स्तर मजबूत हुआ है।
उर्वरक और चीनी शेयरों में भी मौका
चोपड़ा के अनुसार मानसून से जुड़ी थीम भी हैं, जैसे उर्वरक। इस सेक्टर में उन्होंने चंबल फर्टिलाइजर्स, NFL और RCFL जैसी कंपनियों पर दांव लगाने को कहा है। अच्छे मानसून के बाद आम तौर पर उर्वरक की मांग बढ़ जाती है।
चोपड़ा का मानना है कि मानसून के दौरान चीनी शेयरों में थोड़ी गिरावट आई है, जिससे खरीदारी के अच्छे मौके बने हैं। उन्होंने कहा धामपुर शुगर, बलरामपुर चीनी और बजाज हिंदुस्तान जैसी कंपनियां मेरी पसंदीदा हैं। ये चीनी शेयर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और बजट में बदलाव से वे कम प्रभावित होते हैं।
डिस्क्लेमर : इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें। यहां पर दी गई सलाह ईटी नाउ स्वदेश की रिपोर्ट के आधार पर है और शेयर पर राय ईटी नाउ स्वदेश को मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत डॉट कॉम निवेश पर अपनी कोई सलाह नहीं दे रहा है।
