बिजनेस

रिलायंस AI घोषणा पत्र क्या है? मुकेश अंबानी ने किया पेश

Mukesh Ambani Reliance AI Manifesto: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रिलायंस एआई घोषणा पत्र का मसौदा पेश किया है। इसका उद्देश्य रिलायंस को एआई आधारित उन्नत प्रौद्योगिकी कंपनी में बदलना है। योजना के तहत 6 लाख से अधिक कर्मचारियों की उत्पादकता 10 गुना बढ़ाने और एआई के जरिए भारत की अर्थव्यवस्था पर 10 गुना सकारात्मक प्रभाव डालने का लक्ष्य रखा गया है।

Mukesh Ambani Reliance AI Manifesto

मुकेश अंबानी का एआई विजन: हर भारतीय के लिए आसान और भरोसेमंद कृत्रिम मेधा (तस्वीर-ANI)

Photo : ANI

Mukesh Ambani Reliance AI Manifesto : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने हाल ही में ‘रिलायंस एआई घोषणा पत्र’ का मसौदा पेश किया। इसमें उन्होंने समूह को कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित उन्नत प्रौद्योगिकी उद्यम में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना रखी है। अंबानी ने एआई को मानव इतिहास का सबसे प्रभावशाली तकनीकी विकास बताया और कहा कि रिलायंस भारत की एआई क्रांति का नेतृत्व करना चाहता है, ठीक वैसे ही जैसे उसने डिजिटल इंडिया के दौर में देश के डिजिटल रूपांतरण का नेतृत्व किया था।

कर्मचारियों की उत्पादकता और देश की अर्थव्यवस्था पर 10 गुना असर का लक्ष्य

इस घोषणा पत्र में रिलायंस के 6 लाख से अधिक कर्मचारियों की उत्पादकता में 10 गुना सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, एआई के जरिए भारत की अर्थव्यवस्था पर भी 10 गुना सकारात्मक प्रभाव डालने की बात कही गई है। अंबानी का मानना है कि अगर एआई से काम करने की रफ्तार, गुणवत्ता और परिणामों में बड़ा सुधार किया जा सकता है, तो यही असर देश के विकास में भी दिखेगा।

‘हर भारतीय के लिए आसान एआई’ का संकल्प

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक रिलायंस का घोषित संकल्प है हर भारतीय के लिए आसानी से एआई उपलब्ध कराना। इसका मतलब यह है कि एआई सिर्फ बड़ी कंपनियों या विशेषज्ञों तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों और छोटे व्यवसायों के लिए भी उपयोगी बने। अंबानी ने साफ किया कि एआई का उपयोग करते समय सुरक्षा, भरोसा और जवाबदेही को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा और इसे समूह के सभी व्यवसायों में गहराई से अपनाया जाएगा।

घोषणा पत्र: नारा नहीं, बल्कि कार्ययोजना

मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस में खुद को एआई आधारित उन्नत प्रौद्योगिकी कंपनी में बदलने की दिशा में कदम बढ़ाए जा चुके हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए रिलायंस एआई घोषणा पत्र तैयार किया गया है। उन्होंने इसे केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाले समय की स्पष्ट कार्ययोजना बताया, जो पूरे संगठन को दिशा देगा।

भाग-एक: आंतरिक रूपांतरण पर फोकस

घोषणा पत्र का पहला भाग रिलायंस के भीतर होने वाले बदलावों पर केंद्रित है। इसमें एआई को किसी साधारण तकनीकी परियोजना की तरह नहीं, बल्कि काम करने के नए तरीके के रूप में देखा गया है। रिलायंस अपने संचालन को परिणामों और ‘एंड-टू-एंड’ कार्यप्रवाह के आधार पर फिर से व्यवस्थित करना चाहती है। इसके लिए साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म और मजबूत प्रशासनिक ढांचे का सहारा लिया जाएगा।

दोहराए जाने वाले काम खत्म होंगे, फैसले बेहतर होंगे

एआई और एजेंटिक ऑटोमेशन के इस्तेमाल से बार-बार होने वाले कामों को कम या खत्म किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को ज्यादा रचनात्मक और महत्वपूर्ण कार्यों पर ध्यान देने का मौका मिलेगा। एआई की मदद से निर्णय लेने की प्रक्रिया बेहतर होगी, काम की गुणवत्ता बढ़ेगी और गति भी तेज होगी। हालांकि, अंबानी ने यह भी स्पष्ट किया कि हर स्तर पर मानवीय जवाबदेही बनी रहेगी।

भाग-दो: भारत के एआई रूपांतरण की दिशा

घोषणा पत्र का दूसरा भाग रिलायंस के इस नजरिये को पूरे भारत के एआई रूपांतरण से जोड़ता है। अंबानी ने कहा कि जैसे रिलायंस अपने अंदर एआई से 10 गुना सुधार ला सकता है, वैसे ही अपने व्यवसायों और परोपकारी पहलों के जरिए देश पर भी 10 गुना प्रभाव डाल सकता है।

कर्मचारियों से सुझाव आमंत्रित

अंबानी ने रिलायंस के कर्मचारियों से जियो के 50 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं, देश के सबसे बड़े खुदरा नेटवर्क, ऊर्जा, सामग्री, जीवन विज्ञान, वित्तीय सेवाएं, मीडिया और परोपकार जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग पर सुझाव मांगे हैं। उन्होंने स्वदेशी एआई हार्डवेयर, रोबोटिक्स और विभिन्न क्षेत्रों में एआई के संयुक्त उपयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

‘नया रिलायंस, नया भारत’ की साझा प्रतिबद्धता

मुकेश अंबानी ने सभी कर्मचारियों से 10 से 26 जनवरी के बीच अपने सुझाव देने को कहा है। उनका कहना है कि यह घोषणा पत्र ‘नया रिलायंस और नया भारत’ बनाने की साझा प्रतिबद्धता का आधार बनेगा और आने वाले वर्षों में कंपनी तथा देश दोनों के भविष्य को नई दिशा देगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article