बिजनेस

Groww IPO: कब आपके डीमैट अकाउंट में देखेगा अलॉटमेंट, कैसे चेक करें स्टेटस और GMP? यहां जानें सबकुछ

ग्रो (Groww IPO) को लेकर अब ग्रे मार्केट में जोश धीरे-धीरे ठंडा पड़ता दिख रहा है। ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में ज्यादा बढ़त नहीं दिख रही, जिसके चलते निवेशकों के बीच थोड़ी चिंता बनी हुई है। इस बीच, 10 नवंबर को शेयर अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसकी स्थिति निवेशक आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।

Image

Groww IPO

भारत की फिनटेक प्लेटफॉर्म ग्रो (Groww) यानी बिलियनब्रेन्स गैरेज वेंचर्स लिमिटेड का आईपीओ हाल ही में निवेशकों के बीच काफी चर्चा में रहा। तीन दिन तक खुले इस आईपीओ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यह 17.6 गुना सब्सक्राइब हुआ। अब निवेशकों की निगाहें इसके शेयर अलॉटमेंट पर टिकी हैं। इस बीच, ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में थोड़ी गिरावट आई है, जिससे लिस्टिंग पर मामूली मुनाफे के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में अगर आपने भी इस आईपीओ में निवेश किया है तो आइए आपको बताते हैं आप कैसे अलॉटमेंट चेक कर सकते हैं?

कब मिलेगा अलॉटमेंट

ग्रो की पैरेंट कंपनी ने ₹6,632 करोड़ का आईपीओ लॉन्च किया था, जो 4 नवंबर को खुला और 7 नवंबर को बंद हुआ। अब 10 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट पूरा किया जाएगा। रजिस्ट्रार एमयूएफजी इंटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निवेशक ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकेंगे। वहीं, जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे का रिफंड 11 नवंबर से शुरू हो जाएगा। सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में उसी दिन शेयर क्रेडिट किए जाएंगे और ग्रो के शेयर 12 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होंगे।

कितना मिला रिस्पॉन्स

इस आईपीओ को सभी श्रेणियों के निवेशकों ने शानदार रिस्पॉन्स दिया। रिटेल निवेशक श्रेणी 9.43 गुना, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 22.02 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 14.2 गुना सब्सक्राइब हुआ। आईपीओ खुलने से पहले ही कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स से करीब ₹2,985 करोड़ जुटा लिए थे, जिसमें घरेलू और विदेशी फंड्स दोनों की भागीदारी रही।

ऐसे चेक करें आईपीओ का अलॉटमेंट

अगर आपने Groww IPO में आवेदन किया है, तो अलॉटमेंट स्टेटस चेक करना बहुत आसान है। इसके लिए आप रजिस्ट्रार की वेबसाइट [https://in.mpms.mufg.com/Initial_Offer/public-issues.html) पर जाकर ‘Groww (Billionbrains Garage Ventures)’ सेलेक्ट करें, फिर अपना PAN या एप्लीकेशन नंबर डालकर ‘Submit’ करें। इसी तरह, बीएसई की वेबसाइट [https://www.bseindia.com/investors/appli_check.aspx) पर जाकर भी आप ‘Equity’ कैटेगरी में ‘Groww’ चुनकर अपना स्टेटस देख सकते हैं।

GMP का क्या है हाल?

वहीं, लिस्टिंग से पहले ग्रो के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में कमी आई है। फिलहाल यह करीब ₹5 प्रति शेयर चल रहा है, जो ₹100 के ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 5% लिस्टिंग गेन का संकेत देता है। हालांकि शुरुआती दिनों में GMP ₹16 तक पहुंच गया था, लेकिन अब यह स्थिर हो गया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्रो के शेयरों की लिस्टिंग का रुख कुल बाजार सेंटीमेंट पर निर्भर करेगा, लेकिन मजबूत इंस्टीट्यूशनल सपोर्ट और निवेशकों की दिलचस्पी के कारण लिस्टिंग सकारात्मक रहने की उम्मीद है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article