बिजनेस

'पहाड़ी लोकल' क्या है? रिलायंस रिटेल ने किया अधिग्रहण

Reliance Retail Acquisition Pahadi Local brand: रिलायंस रिटेल लिमिटेड ने भारतीय ब्यूटी और वेलनेस ब्रांड ‘पहाड़ी लोकल’ का अधिग्रहण करने का ऐलान किया। इस सौदे के तहत ब्रांड के पूरे कारोबार को रिलायंस रिटेल के साथ जोड़ लिया गया है। आइए जानते हैं यह ब्रांड क्या है और कौन से प्रोडक्ट्स का उत्पादन करता है।

Image

रिलायंस रिटेल ने ‘पहाड़ी लोकल’ ब्रांड का किया अधिग्रहण (तस्वीर-X)

Reliance Retail Acquisition Pahadi Local brand: देश की बड़ी रिटेल कंपनियों में से एक रिलायंस रिटेल लिमिटेड ने भारतीय सौंदर्य और सेहत से जुड़े ब्रांड पहाड़ी लोकल का अधिग्रहण करने का ऐलाना किया। कंपनी ने सोमवार को बताया कि इस डील के तहत पहाड़ी लोकल और उसके पूरे कारोबार को अपने साथ जोड़ लिया गया है। इस कदम से रिलायंस रिटेल अपने ब्यूटी और पर्सनल केयर से जुड़े प्रोडक्ट्स के कारोबार को और मजबूत बनाना चाहती है।

हिमालयी प्राकृतिक सामग्री से जुड़ा ब्रांड

पहाड़ी लोकल एक ऐसा भारतीय ब्रांड है जो हिमालयी क्षेत्रों में मिलने वाली प्राकृतिक सामग्रियों से बने प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाता है। यह ब्रांड पहले पहाड़ी गुडनेस प्राइवेट लिमिटेड के तहत संचालित होता था। इसके प्रोडक्ट्स में त्वचा की देखभाल और स्वास्थ्य से जुड़े कई प्राकृतिक विकल्प शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इस अधिग्रहण के जरिए वह ऐसे भारतीय ब्रांड को बढ़ावा देना चाहती है जो पारंपरिक ज्ञान, प्राकृतिक सामग्री और टिकाऊ उत्पादन पद्धति पर आधारित हों। रिलायंस का मानना है कि भारतीय ग्राहकों में प्राकृतिक और हर्बल प्रोडक्ट्स की मांग तेजी से बढ़ रही है और पहाड़ी लोकल इस क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बना चुका है।

ईशा अंबानी ने जताई खुशी

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने इस अधिग्रहण पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पहाड़ी लोकल हिमालयी क्षेत्रों की स्वास्थ्य और सेहत से जुड़ी परंपराओं से प्रेरित एक खास ब्रांड है। उन्होंने बताया कि रिलायंस रिटेल अपने बड़े नेटवर्क और खुदरा प्लेटफॉर्म के जरिए इस ब्रांड को देशभर में और बड़े स्तर पर पहुंचाने के लिए उत्साहित है। साथ ही कंपनी यह भी सुनिश्चित करेगी कि पहाड़ी लोकल की मौलिक पहचान, गुणवत्ता और उसके प्राकृतिक मूल्यों को बरकरार रखा जाए।

2018 में हुई थी ब्रांड की शुरुआत

पहाड़ी लोकल की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। इस ब्रांड की खासियत यह है कि इसके अधिकतर प्रोडक्ट्स हिमालयी क्षेत्रों से प्राप्त प्राकृतिक सामग्री से तैयार किए जाते हैं। कंपनी का फोकस ऐसे स्किन केयर और वेलनेस उत्पाद बनाने पर है जो प्राकृतिक और पारंपरिक ज्ञान से प्रेरित हों। कम समय में ही इस ब्रांड ने अपने अनोखे उत्पादों और प्राकृतिक सामग्री के कारण ग्राहकों के बीच अच्छी पहचान बना ली है।

स्थानीय महिलाओं के साथ काम

पहाड़ी लोकल सिर्फ उत्पाद बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक पहल से भी जुड़ा हुआ है। ब्रांड लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर काम करता है। इन समूहों के जरिए स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलते हैं। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और पारंपरिक संसाधनों का टिकाऊ तरीके से उपयोग करना है।

संस्थापक टीम बनी रहेगी सक्रिय

अधिग्रहण के बाद भी पहाड़ी लोकल की मूल संस्थापक टीम कंपनी के साथ जुड़ी रहेगी। यह टीम ब्रांड की रचनात्मक दिशा, उत्पाद विकास और गुणवत्ता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। रिलायंस रिटेल का कहना है कि वह इस ब्रांड को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उसकी मूल सोच और पहचान को भी सुरक्षित रखना चाहती है। इस तरह रिलायंस रिटेल का यह कदम भारतीय प्राकृतिक और पारंपरिक प्रोडक्ट्स को बड़े बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article