बिजनेस

Bihar IPL Team: अब समय आ गया है, बिहार की हो IPL टीम, वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने क्यों उठाई बड़ी मांग

Bihar IPL Team: मशहूर उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने बिहार के लिए IPL टीम बनाने की मांग की, कहा राज्य को अपनी क्रिकेट पहचान मिलनी चाहिए और वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों ने बिहार का नाम रोशन किया है।

Image

बिहार को मिले अपनी IPL टीम: उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने उठाई बड़ी मांग (तस्वीर-X)

Bihar IPL Team : भारत के मशहूर उद्योगपति अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) ने बिहार के लिए एक नई IPL टीम बनाने की जोरदार मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह चेन्नई, मुंबई और कोलकाता जैसी बड़ी जगहों की अपनी-अपनी टीमें हैं, उसी तरह बिहार को भी क्रिकेट में अपनी अलग पहचान मिलनी चाहिए। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट लिखकर कहा कि बिहार ने देश को कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन आज तक राज्य को IPL में अपनी टीम नहीं मिल पाई है। उनका मानना है कि अब समय आ गया है जब बिहार का क्रिकेटिंग टैलेंट राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक दिखाए।

बिहार के खिलाड़ियों का किया जिक्र

अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बिहार से निकलकर देश और दुनिया में नाम कमाने वाले कई क्रिकेटरों का उदाहरण दिया। उन्होंने ईशान किशन (Ishan Kishan) का नाम लेते हुए कहा कि पटना में जन्मे इस खिलाड़ी ने बहुत कम समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी खास पहचान बनाई। ईशान किशन वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने समस्तीपुर के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की भी तारीफ की, जिन्होंने कम उम्र में IPL में डेब्यू कर सबको प्रभावित किया। साथ ही गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन (Saqib Hussain) का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी शानदार गेंदबाजी को अब पूरा क्रिकेट जगत देख रहा है।

बिहार को उसका हक क्यों नहीं मिला?

अपने पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने सवाल उठाया कि आखिर बिहार को क्रिकेट में वह पहचान क्यों नहीं मिली जिसकी वह हकदार है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को सही मंच और सुविधाएं नहीं मिल पातीं। अगर राज्य में विश्वस्तरीय क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रेनिंग और बेहतर अवसर दिए जाएं, तो यहां के खिलाड़ी दुनिया में नाम कमा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में जुनून और मेहनत की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही समर्थन और संसाधनों की है।

बिहार के युवाओं के साथ खड़े हैं अनिल अग्रवाल

वेदांता चेयरमैन ने कहा कि उनका हमेशा से सपना रहा है कि बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर बिहार की अपनी IPL टीम बनती है, तो इससे राज्य के हजारों युवा क्रिकेटरों को नई प्रेरणा और अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह बिहार की क्रिकेट टीम और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद देने को तैयार हैं। अनिल अग्रवाल ने यह भी कहा कि वह इस अभियान में बिहार के युवाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं और बिना किसी शर्त के सहयोग देंगे।

Bihar IPL Team, Anil Agarwal, Ishan Kishan, Vaibhav Suryavanshi

उद्योगपति अनिल अग्रवाल

बिहार सिर्फ राज्य नहीं, एक भावना है

अपने संदेश के अंत में अनिल अग्रवाल ने कहा कि बिहार केवल एक राज्य नहीं बल्कि एक भावना है। यहां के लोगों में प्रतिभा, मेहनत और संघर्ष की अद्भुत क्षमता है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार के क्रिकेटरों को भी वही पहचान और सम्मान मिले जो देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को मिलता है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बिहार के लिए IPL टीम की मांग तेज हो गई है। कई लोगों ने अनिल अग्रवाल की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्य को अब क्रिकेट में अपनी अलग पहचान मिलनी ही चाहिए।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article