India Cements acquisition: प्रमुख सीमेंट विनिर्माता अल्ट्राटेक 3,954 करोड़ रुपये में इंडिया सीमेंट लिमिटेड में 32.72 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को इंडिया सीमेंट लिमिटेड (आईसीएल) के प्रवर्तकों की 32.72 प्रतिशत हिस्सेदारी 390 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अल्ट्राटेक ने रविवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक, श्रीनिवासन एन और गुरुनाथ की अगुवाई वाले प्रवर्तक परिवार तथा होल्डिंग संस्थाओं से आईसीएल की इक्विटी शेयर पूंजी का 32.72 प्रतिशत हिस्सा खरीदने के लिए तीन शेयर खरीद समझौते किए हैं।
डील के बाद अल्ट्राटेक की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी
इस 3,954 करोड़ रुपये के सौदे के पूरा होने के बाद, आईसीएल में अल्ट्राटेक की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी। ऐसे में उसे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के नियमों के अनुसार खुली पेशकश लानी होगी। अल्ट्राटेक के निदेशक मंडल ने सार्वजनिक शेयरधारकों से 390 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर खुली पेशकश को भी मंजूरी दी है। यह कीमत पिछले शुक्रवार को आईसीएल के शेयर के बंद भाव 374.60 रुपये से 4.1 प्रतिशत अधिक है।
UltraTech Cement Share Price: अल्ट्राटेक सीमेंट शेयर प्राइस
शुक्रवार, 26 जुलाई को अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर एनएसई पर 11,673.05 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। सत्र के दौरान सीमेंट स्टॉक ने 11,742.45 रुपये का इंट्राडे हाई और 11,395.60 रुपये का इंट्राडे लो छुआ। एनएसई पर करीब 3,33,210 शेयरों और बीएसई पर 19,997 शेयरों का कारोबार हुआ।
India Cements Share Price: इंडिया सीमेंट्स शेयर प्राइस
शुक्रवार, 26 जुलाई को इंडिया सीमेंट्स के शेयर एनएसई पर 374.60 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। सत्र के दौरान सीमेंट स्टॉक ने 376.90 रुपये का इंट्राडे हाई और 361.70 रुपये का इंट्राडे लो छुआ। एनएसई पर करीब 1,50,95,344 शेयरों और बीएसई पर 6,84,690 शेयरों का कारोबार हुआ।
डिस्क्लेमर : इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें। यहां पर दी गई सलाह ईटी नाउ स्वदेश की रिपोर्ट के आधार पर है और शेयर पर राय ईटी नाउ स्वदेश को मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत डॉट कॉम निवेश पर अपनी कोई सलाह नहीं दे रहा है।
