बिजनेस

Corporate Update: टॉरेंट ग्रुप का मार्केट कैप एक साल में हुआ डबल, नालंदा कैपिटल ने बेची हिस्सेदरी

Torrent Group,Nalanda Capital: टॉरेंट समूह का बाजार पूंजीकरण (MCap) शुक्रवार को 1.68 लाख करोड़ रुपये हो गया। सिंगापुर स्थित नालंदा कैपिटल ने शुक्रवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये थर्मैक्स में अपनी 1.2 प्रतिशत हिस्सेदारी 765 करोड़ रुपये में बेच दी।

Image

टॉरेंट फॉर्मा और नालंदा कैपिटल

Torrent Group,Nalanda Capital:टॉरेंट समूह का बाजार पूंजीकरण (MCap) शुक्रवार को 1.68 लाख करोड़ रुपये हो गया। फार्मा से लेकर ऊर्जा तक के कारोबार में मजबूत वृद्धि के कारण समूह का बाजार मूल्यांकन एक साल में लगभग दोगुना हो गया है।छह जून, 2023 को टॉरेंट समूह का बाजार पूंजीकरण 10.8 अरब डॉलर (90,230 करोड़ रुपये) था।शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को समूह की दो सूचीबद्ध कंपनियों- टॉरेंट फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड और टॉरेंट पावर लिमिटेड ने क्रमशः 2.22 प्रतिशत और 2.59 प्रतिशत की बढ़त हासिल की, जिससे सत्र की समाप्ति पर समूह का बाजार पूंजीकरण 20.2 अरब डॉलर हो गया।

टॉप फॉर्मा ब्रांड

समूह की प्रमुख कंपनी टॉरेंट फार्मास्यूटिकल्स का शेयर एनएसई पर 2,838 रुपये प्रति शेयर पर और इसकी इकाई टॉरेंट पावर का शेयर 1,492.35 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।भारतीय फार्मास्यूटिकल्स बाजार (आईपीएम) के शीर्ष 500 ब्रांडों में टॉरेंट फार्मा के 20 ब्रांड शामिल हैं, जिनमें से 17 ब्रांडों की कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है।

नालंदा कैपिटल ने बेची हिस्सेदारी

सिंगापुर स्थित नालंदा कैपिटल ने शुक्रवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये ऊर्जा एवं पर्यावरण समाधान प्रदाता थर्मैक्स में अपनी 1.2 प्रतिशत हिस्सेदारी 765 करोड़ रुपये में बेच दी।निवेश फर्म, नालंदा कैपिटल ने अपनी अनुषंगी नालंदा इंडिया इक्विटी फंड लिमिटेड के जरिये बीएसई पर थर्मैक्स के शेयरों को बेचा।बीएसई पर थोक बिक्री के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, नालंदा इंडिया इक्विटी फंड ने पुणे स्थित थर्मैक्स में 1.2 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर 15 लाख शेयर बेचे।

कितने मूल्य पर बेचे गए शेयर

ये शेयर 5,100.26 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर बेचे गए, जिससे सौदे का आकार 765.03 करोड़ रुपये हो गया।शेयर बिक्री के बाद, थर्मैक्स में नालंदा कैपिटल की शेयरधारिता 6.86 प्रतिशत से घटकर 5.6 प्रतिशत रह गई है।इस बीच, एसबीआई म्यूचुअल फंड ने 13.74 लाख शेयर खरीदे जो थर्मैक्स में 1.15 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article