Tomato Prices: देश के प्रमुख शहरों में टमाटर की खुदरा कीमतें 155 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गयी हैं। इस कीमत ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को भी फेल कर दिया है। जहां दिल्ली में आज (बुधवार), 5 जुलाई को भी पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल का भाव 89.62 रुपये प्रति लीटर है वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है।
टमाटर का उत्पादन करने वाले क्षेत्र में बारिश के कारण सप्लाई प्रभावित होने से टमाटर की कीमतों में उछाल हुआ है। टमाटर की सबसे अधिक कीमत 155 रुपये प्रति किलो पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में देखने को मिली। कोलकाता में टमाटर की कीमत सबसे अधिक यानी 148 रुपये प्रति किलो तथा मुंबई में सबसे कम यानी 58 रुपये प्रति किलो थी। महानगरों में टमाटर की खुदरा कीमतें 58-148 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में थीं।
चेन्नई में 117 रुपये टमाटर
चेन्नई और दिल्ली में कीमतें क्रमशः 117 रुपये प्रति किलो और 110 रुपये प्रति किलो थीं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, औसत अखिल भारतीय खुदरा मूल्य 83.29 रुपये प्रति किलो था। जिसका मॉडल मूल्य 100 रुपये प्रति किलो था। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी टमाटर की कीमतें 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक देखी गई।
दिल्ली में टमाटर 120-140 रुपये
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थानीय विक्रेता गुणवत्ता और इलाके के आधार पर 120-140 रुपये प्रति किलो के हिसाब से टमाटर बेच रहे हैं। पश्चिम विहार के आजादपुर थोक बाजार से सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला टमाटर 120 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है और खुदरा में 140 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट पर बिक रहा है।
