नई दिल्ली। इस साल मई से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से रेपो रेट में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद से ही उधारदाताओं ने फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed deposit) की ब्याज दरों में वृद्धि करना शुरू कर दिया। मौजूदा समय में कई बैंक एफडी पर सरकारी योजनाओं से भी ज्यादा ब्याज प्रदान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, आम नागरिकों के मुकाबले वरिष्ठ नागरिकों को एफडी पर और भी अधिक फायदा हो रहा है। इन दो बैंकों में सीनियर सिटीजन को मिल रहा है 9 फीसदी ब्याज -
युनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक
युनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक (Unity Small Finance Bank) सीनियर सिटीजन को फिक्स्ड डिपॉजिट पर 4.5 फीसदी से 9 फीसदी के बीच ब्याज दर प्रदान कर रहा है। मौजूदा समय में 181 दिन और 501 दिनों की अवधि के लिए निवेश की गई फिक्स्ड डिपॉजिट पर यह बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 9 फीसदी प्रति वर्ष की ब्याज दर प्रदान कर रहा है। बैंक की वेबसाइट के अनुसार, बैंक रिटेल निवेशकों को 8.50 फीसदी ब्याज की पेशकश कर रहा है।
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक (Suryoday Small Finance Bank) ने हाल ही में 2 करोड़ रुपये तक की एफडी पर मिलने वाले ब्याज दर में बदलाव किया था। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक नई दरें 6 दिसंबर 2022 से प्रभावी हो गई हैं। बैंक आम जनता के लिए 4 फीसदी से 9 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 4.5 फीसदी से 9.59 फीसदी की ब्याज दर प्रदान कर रहा है। इसकी अवधि सात दिनों से लेकर 10 साल तक की है।
अन्य स्मॉल फाइनेंस बैंक
- उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (SFB) आम जनता को कम से कम 8 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 8.75 फीसदी की दर की पेशकश कर रहा है।
- उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक आम जनता को अधिकतम 8 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 8.75 फीसदी की अधिकतम दर प्रदान करता है।
- शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक आम जनता को अधिकतम 7.50 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 8.00 फीसदी की दर प्रदान करता है।
उल्लेखनीय है कि कमर्शियल बैंकों की तरह ही स्मॉल फाइनेंस बैंक (SFB) भी भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अधीन होते हैं। डिपॉजिट इंश्योरेंस क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) के तहत ऐसे स्मॉल फाइनेंस बैंकों में जमा की गई राशि को 5 लाख रुपये तक कवर किया जाता है। डीआईसीजीसी डिपॉजिट इंश्योरेंस के साथ-साथ सेविंग, करेंट, रिकरिंग और अन्य तरह के डिपॉजिट की पेशकश करता है।
