आज 2026 का पहला दिना है। इस नए साल के अवसर पर शेयर बाजार ने धमाकेदार शुरुआत की है। यह करोड़ों शेयर बाजार निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। आपको बता दें कि साल के पहले दिन सेंसेक्स 170.02 अंक उछलकर 85,370.12 अंक पर खुला है। वहीं एनएसई निफ्टी में 46.70 अंकों की तेजी है। निफ्टी 26,181.20 अंक पर ट्रेड कर रहा है। तेजी वाले शेयरों पर नजर डालें तो टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, इटरनल, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, ट्रेंट, टाइटन, सन फार्मा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में अच्छी तेजी है।
गौरतलब है कि पिछले साल शेयर बाजार ने अपने निवेशकों को निराश किया। सोने और चांदी ने जहां अपने निवेशकों को मालामाल करने काम किया, वहीं दूसरी ओर स्टॉक मार्केट ने मामूली रिटर्न दिया। हालांकि, नए साल से निवेशकों को काफी उम्मीद है। इस साल डबल डिजिट रिटर्न मिलने की उम्मीद एक्सपर्ट लगा रहे हैं। पहले दिन की मजबूत शुरुआत से भी शुभ संकेत मिले हैं।
साल के आखिरी दिन कैसा रहा था शेयर बाजार
2025 का आखिरी ट्रेडिंग सेशन तमाम निवेशकों के लिए उत्साहजनक रहा। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी के साथ ब्रॉड मार्केट और सेक्टरल मार्केट के तमाम इंडेक्स में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। खासतौर पर Nifty Metals ने ओवरऑल मार्केट सेंटिमेंट्स को मजबूती दी। दिन के आखिर में सेंसेक्स 545.52 अंक बढ़कर 85,220.60 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी भी 190.75 अंक उछलकर 26,129.60 अंक पर बंद हुआ।
