बिजनेस

फालतू खर्चों पर कैसे लगाएं लगाम! पैसा बचाने का ये फॉर्मूला आएगा आपके काम

क्या आप भी इस बात से परेशान रहते हैं कि हर महीने सैलरी आने से कुछ दिन पहले ही आपका सैलरी अकाउंट खाली हो जाता है। अगर हां तो आपको पैसा बचाने का 5 स्टेप प्रॉसेस समझना चाहिए।

Image

फालतू खर्चों पर ऐसे लगाएं लगाम (AI Generated Image)

How To Stop Unnecessary Expenses: आज के समय में ऑनलाइन शॉपिंग, इंस्टेंट UPI पेमेंट, क्रेडिट कार्ड (Credit Card) ऑफर और हर दिन मिलने वाले डिस्काउंट्स के बीच फालतू खर्चों से बचना आसान नहीं है। कई बार हम बिना सोचे-समझे छोटी-छोटी खरीदारी करते हैं, जो महीने के अंत तक एक बड़ी रकम में बदल जाती है। अगर आप भी हर महीने के अंत में यही सोचते रह जाते हैं आपके पैसे आखिर कहां खर्च हो गए तो ये जानकारी आपके लिए ही है। इस आर्टिकल में हम आपको पैसा बचाने का 5 स्टेप प्रॉसेस ही बता रहे हैं, जो आपकी एक बड़ी परेशानी को दूर कर सकता है-

खर्च करने की आदत को पहचानें

खर्चों पर लगाम लगाने की शुरुआत अपनी आदतों को समझने से होती है। अगर आप बिना सोचे-समझे खरीदारी करते हैं, सेल देखकर तुरंत सामान खरीद लेते हैं, क्रेडिट कार्ड का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करते हैं या तनाव और बोरियत में शॉपिंग करने लगते हैं, तो यह संकेत है कि आपकी खर्च करने की आदतों में बदलाव की जरूरत है। आपको अपने खर्च की आदतों को पहचानना होगा।

खर्च करने की वजह को समझें

हर व्यक्ति के खर्च करने के पीछे कोई न कोई वजह होती है। इसलिए खुद से पूछें कि आप सबसे ज्यादा कब और कहां खर्च करते हैं। क्या आप तनाव, बोरियत या दूसरों की बराबरी करने के लिए खरीदारी करते हैं? या फिर ऑनलाइन शॉपिंग और बाहर खाने पर ज्यादा पैसा खर्च होता है? जब आप अपने खर्च के असली कारण को पहचान लेंगे, तब उसे नियंत्रित करना भी आसान हो जाएगा।

हर महीने एक बजट बनाएं

हर महीने एक बजट बनाएं और तय करें कि किस चीज पर कितना खर्च करना है। आवेग में खरीदारी से बचने के लिए 30-डे रूल अपनाएं, यानी किसी महंगी चीज को खरीदने से पहले 30 दिन इंतजार करें। इसके अलावा मनोरंजन या शौक के लिए एक निश्चित राशि अलग रखें, ताकि जरूरत से ज्यादा खर्च न हो। साथ ही शॉपिंग ऐप्स की नोटिफिकेशन और प्रमोशनल ईमेल बंद कर दें, जिससे अनावश्यक खरीदारी का लालच कम होगा।

पैसे से जुड़ी आदतों को बदलें

अगर आप तनाव दूर करने के लिए खरीदारी करते हैं, तो उसकी जगह वॉक, एक्सरसाइज, मेडिटेशन या किसी दोस्त से बातचीत जैसी अच्छी आदतें अपनाएं। कोई भी सामान खरीदने से पहले खुद से पूछें कि क्या इसकी वास्तव में जरूरत है। साथ ही सैलरी मिलते ही बचत या निवेश के लिए ऑटोमैटिक ट्रांसफर सेट करें और समय-समय पर अपने खर्च व बचत की समीक्षा करते रहें।

अपने संकल्प पर कायम रहें

फालतू खर्चों पर नियंत्रण पाने का आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण कदम अपने आप से किए वादे को पूरा करना है। समय-समय पर अपने बजट की समीक्षा करें, यह देखें कि आप अपने वित्तीय लक्ष्यों की दिशा में कितना आगे बढ़े हैं और खुद को याद दिलाते रहें कि आपने ये बदलाव क्यों शुरू किए थे। इससे आपका उत्साह बना रहेगा और आप अनावश्यक खर्चों से बचते हुए आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ते रहेंगे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article