बिजनेस

Share Bazar:शनिवार 18 मई को खुला रहेगा शेयर बाजार, जानें क्यों हो रहा है स्पेशल सेशन और क्या है टाइमिंग

Stock Market, BSE-NSE: पहला सत्र प्राथमिक साइट (पीआर) से सुबह 9:15 बजे से 10 बजे तक और दूसरा डीआर साइट से सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा।इससे पहले, एनएसई और बीएसई ने दो मार्च को इसी तरह के कारोबारी सत्र आयोजित किये थे।

Image

शेयर बाजार में स्पेशल सेशन

Stock Market, BSE-NSE: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बीएसई, शेयर और इक्विटी फ्यूचर एंड ऑप्शन कैटेगरी के लिए 18 मई को विशेष सत्र का आयोजन करेंगे। इस पहल का मकसद किसी प्रकार की बड़ी बाधा या विफलता की स्थिति से निपटने को लेकर तैयारियों का आकलन करना है। विशेष ‘लाइव’ कारोबारी सत्र के दौरान प्राथमिक साइट (पीआर) की जगह ‘डिजास्टर रिकवरी’ (डीआर) साइट का उपयोग किया जाएगा। किसी आपात स्थिति के दौरान प्राथमिक ‘डेटा सेंटर’ के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे और परिचालन को बहाल करने के लिए ‘डिजास्टर रिकवरी साइट’ का उपयोग किया जाता है।

कब होगा सेशन

दोनों शेयर बाजारों ने अलग-अलग सर्कुलर में कहा है कि दो सत्र होंगे। पहला सत्र प्राथमिक साइट (पीआर) से सुबह 9:15 बजे से 10 बजे तक और दूसरा डीआर साइट से सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा।इससे पहले, एनएसई और बीएसई ने दो मार्च को इसी तरह के कारोबारी सत्र आयोजित किये थे।ये सत्र बाजार नियामक सेबी और उनकी तकनीकी सलाहकार समिति के साथ विशिष्ट चर्चाओं के आधार पर आयोजित किये जा रहे हैं।

स्पेशल सेशन से क्या होता है फायदा

इसका उद्देश्य शेयर बाजार से जुड़े बुनियादी ढांचा संस्थानों की तैयारियों का आकलन करना और उनके परिचालन को प्रभावित करने वाली किसी भी अप्रत्याशित घटना को संभालना है, जिससे निर्धारित समय के भीतर ‘डिजास्टर रिकवरी’ साइट के जरिये परिचालन बहाल किया जा सके।आमतौर पर, प्राथमिक साइट पर किसी बड़ी समस्या या विफलता की स्थिति में कारोबार की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए ‘डीआर साइट’ का उपयोग किया जाता है।

मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार

शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 384 अंक टूट गया। शेयरों का मूल्यांकन ऊंचा होने को लेकर चिंता के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक में बिकवाली से बाजार नीचे आया।तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स ने शुरुआती बढ़त को गंवा दिया और अंत में यह 383.69 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,511.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 636.28 अंक तक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 140.20 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,302.50 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article