बिजनेस

Share Market Opening: कच्चे तेल में उबाल से पस्त हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में फिर दर्ज हुई गिरावट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भारी दबाव में आ गया। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में चले गए।

Image

कच्चे तेल में उबाल से पस्त हुआ शेयर बाजार

मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव (Geopolitical Tension) गहराने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए अचानक उछाल का सीधा असर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। बाजार खुलते ही दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में आ गए। शुरुआती कारोबार में ही बीएसई (BSE) का सेंसेक्स 338 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 78,616 के स्तर पर आ गया। वहीं, दूसरी ओर एनएसई (NSE) का निफ्टी 50 भी दबाव का सामना करते हुए 24,592 के करीब कारोबार करता नजर आया।

बाजार में क्यों आई गिरावट?

बाजार में आई इस गिरावट की सबसे मुख्य वजह कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में लगातार दर्ज की जा रही तेजी है। ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 1.2 प्रतिशत चढ़कर $83.48 प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) वाले महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में जहाजों की आवाजाही पर रोक और तनाव बढ़ने की आशंकाओं ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। चूंकि भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल दूसरे देशों से आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से देश में महंगाई और व्यापार घाटा बढ़ने का खतरा रहता है।

हालांकि, शेयर बाजार में इस गिरावट के बीच एक राहत भरी खबर यह भी है कि विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) भारतीय बाजार में अपना भरोसा बनाए हुए हैं। FIIs की तरफ से घरेलू शेयर बाजार में लगातार खरीदारी देखने को मिल रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशकों की इस खरीदारी से शेयर बाजार को निचले स्तरों पर सहारा मिल सकता है और आने वाले दिनों में स्थिरता देखने को मिल सकती है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article