बिजनेस

सोने का भाव आज का, 5 अगस्त 2025:सोना 1 लाख के पार, चांदी में भी तेजी जारी, जानें 24K, 22K, 18K और 14K सोने के दाम

Gold and Silver Price Today in India (सोना का भाव आज का, Sone Ka Bhav Aaj Ka) 5 August 2025: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोना 1 लाख रुपए के पार पहुंच गया। इनकी कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार का असर पड़ता है। आज 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के दाम क्या हैं, साथ ही चांदी के ताजा रेट भी देखें।

Image

सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 5 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी ऊपर तो कभी नीचे हो रही हैं। लेकिन सोना ने जबरदस्त छलांग लगाई, वह 1 लाख रुपये के पार पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत 100076 रुपये प्रति 10 ग्रा, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 112422 रुपये प्रति किलो हो गई। आगे जानिए 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।

आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)

सोना-चांदी की शुद्धतासुबह का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भावदोपहर का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भावशाम का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव
सोना 24 कैरेट100167 रुपये100397 रुपये100076 रुपये
सोना 23 कैरेट99766 रुपये99995 रुपये99675 रुपये
सोना 22 कैरेट91753 रुपये91964 रुपये91670 रुपये
सोना 18 कैरेट75123 रुपये75298 रुपये75057 रुपये
सोना 14 कैरेट58598 रुपये58732 रुपये58545 रुपये
चांदी 999111900 रुपये प्रति किलो112428 रुपये प्रति किलो112422 रुपये प्रति किलो

पिछले दिन क्या थे सोने-चांदी के भाव?

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि स्टॉकिस्टों की ताजा खरीदारी के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत 400 रुपये बढ़कर 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 97,620 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 300 रुपये बढ़कर 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) हो गया। पिछले बाजार बंद में यह सोना 97,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा, सोमवार को चांदी की कीमत 500 रुपये बढ़कर 1,10,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स समेत) हो गई। शुक्रवार को चांदी की कीमत 1,09,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस बीच, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 3,363.83 डॉलर प्रति औंस पर रहा। हालांकि, विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी की कीमत 0.43 प्रतिशत बढ़कर 37.20 डॉलर प्रति औंस हो गई।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक - (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि कमजोर रुपये और शुक्रवार को निराशाजनक वृहद अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के कारण सोने की कीमतों में काफी मजबूती रही। इन आंकड़ों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों को सहारा दिया, जो 3,355 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गयी। उन्होंने कहा कि टैरिफ संबंधी चिंताओं और रुपये की विनिमय दर में गिरावट ने तेजी की गति को और बढ़ा दिया। आने वाले सप्ताह में, निवेशक अपना ध्यान आगामी रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति बैठक और अमेरिकी विनिर्माण आंकड़ों पर केंद्रित करेंगे, जो निकट भविष्य में सर्राफा कीमतों की दिशा को लेकर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। मिराए एसेट शेयर खान के सह-उपाध्यक्ष (मुद्रा एवं जिंस) प्रवीण सिंह ने कहा कि दरों में कटौती की उम्मीद में जोखिम वाली संपत्तियों की बोली लगने के कारण हाजिर सोना 3,355 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। सिंह ने कहा कि हालांकि, शुल्क संबंधी चिंताओं के कारण भारतीय रुपये में तेज गिरावट से घरेलू सोने की कीमतों को समर्थन मिला है।

वायदा बाजार में सोने का भाव

मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के ताजा सौदों से वायदा कारोबार में सोने का भाव सोमवार को 501 रुपये चढ़कर 1,00,255 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 501 रुपये यानी 0.5 प्रतिशत बढ़कर 1,00,255 प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 13,050 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से सोने के कीमतों में तेजी आई है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में दिसंबर आपूर्ति के लिए कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,356.86 डॉलर प्रति औंस रहा।

वायदा बाजार में चांदी के भाव

वायदा बाजार में प्रतिभागियों के अपना दांव बढ़ाने से चांदी की वायदा कीमत सोमवार को 885 रुपये की तेजी के साथ 1,11,143 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सितंबर में आपूर्ति वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 885 रुपये या 0.08 प्रतिशत बढ़कर 1,11,143 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 20,675 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 37.08 डॉलर प्रति औंस रही।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article