Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 3 August 2025 : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी ऊपर तो कभी नीचे हो रही हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 109646 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी घटकर 109810 रुपये प्रति किलो हो गई। शनिवार और रविवार को बााजार बंद है इसलिए दोनों दिन यही भाव रहेगा। आगे जानिए 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट: 98253 रुपये प्रति 10 ग्राम।
- सोना 23 कैरेट: 97860 रुपये प्रति 10 ग्राम।
- सोना 22 कैरेट: 90000 रुपये प्रति 10 ग्राम।
- सोना 18 कैरेट: 73690 रुपये प्रति 10 ग्राम।
- सोना 14 कैरेट: 57478 रुपये प्रति 10 ग्राम।
- चांदी 999 : 109646 रुपये प्रति किलो।
पिछले दिन क्या थे सोने-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने स्टॉकिस्टों की लगातार बिकवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 400 रुपये टूटकर 97,620 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 300 रुपये गिरकर 97,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रहा, जबकि पिछले सत्र में यह 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नरमी के चलते सोने में गिरावट रही। उन बाजारों में इसकी कीमत 3,290 डॉलर प्रति औंस के आसपास थी। सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही और शुक्रवार को यह 2,500 रुपये गिरकर 1,09,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रही। पिछले सत्र में चांदी 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। न्यूयॉर्क में हाजिर चांदी 0.75 प्रतिशत गिरकर 36.44 डॉलर प्रति औंस रही।
कीमतों पर एक्सपर्ट्स के विचार
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण (जिंस और मुद्रा) विभाग के उपाध्यक्ष, जतिन त्रिवेदी ने कहा कि यह गिरावट अमेरिकी फेडरल रिजर्व के लगातार आक्रामक रुख और निकट भविष्य में ब्याज दर में कटौती के कोई संकेत नहीं मिलने के दबाव के बीच आई है। इससे सुरक्षित निवेश के लिए सर्राफा की बाजार धारणा कमजोर हुई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने में नकारात्मक रुझान रहा और साप्ताहिक आधार पर गिरावट के साथ बंद हुआ। उन्होंने कहा कि यह गिरावट, सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में मांग में कमी और अमेरिकी डॉलर में मजबूत सुधार के कारण है, जो इस सप्ताह अब तक 2 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ नौ सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।
सोने का वायदा भाव
कमजोर हाजिर मांग के बीच शुक्रवार को वायदा कारोबार में सोने का भाव 237 रुपये की गिरावट के साथ 98,532 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 237 रुपये या 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98,532 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 12,512 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने पीली धातु की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोना वायदा 0.17 प्रतिशत बढ़कर 3,295.60 डॉलर प्रति औंस हो गया।
चांदी की वायदा कीमत
प्रतिभागियों ने अपने सौदे कम कर दिए, जिससे शुक्रवार को चांदी की वायदा कीमत 161 रुपये की गिरावट के साथ 1,09,811 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 161 रुपये या 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,09,811 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इसमें 20,541 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि बाजार में मौजूदा स्तरों पर प्रतिभागियों की बिकवाली से मुख्य रूप से चांदी की कीमतों पर असर पड़ा। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 36.63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
