Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 19 October 2025 : कुछेक दिनों को छोड़ दिया जाए तो सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। नए-नए रिकॉर्ड भी बना रहे हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,29,584 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं चांदी की कीमत बढ़कर 1,69,230 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। चूंकि रविवार को बाजार बंद है, इसलिए यही भाव मान्य रहेगा। दिवाली त्योहार की शुरुआत के साथ धनतेरस पर देशभर में आभूषण दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से 2,400 रुपये नीचे गिरकर 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गयीं। पिछले साल 29 अक्टूबर 2024 को मनाए गए धनतेरस पर 24 कैरेट सोने की कीमत 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। यानी एक साल में इसकी कीमत में 51,000 रुपये अथवा 62.65 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में चांदी की कीमतें शनिवार को 7,000 रुपये गिरकर 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गईं। चांदी की कीमतें पिछले धनतेरस पर दर्ज 99,700 रुपये प्रति किलोग्राम से 70,300 रुपये या 70.51 प्रतिशत बढ़ गई हैं। आगे IBJA के मुताबिक जानिए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट: 129584 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट: 129065 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट: 118699 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट: 97188 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट: 75807 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 : 169230 रुपये प्रति किलोग्राम
पिछले दिन क्या रहे सोने-चांदी के भाव
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक धनतेरस से पहले आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की मजबूत त्योहारी खरीदारी के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 3,200 रुपये बढ़कर 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। हालांकि, चांदी की कीमत में 7,000 रुपये की गिरावट आई। पिछले सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,31,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 3,200 रुपये उछलकर 1,34,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। यह गुरुवार को 1,31,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी में गिरावट आई। चांदी की कीमत 7,000 रुपये टूटकर 1,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। यह बृहस्पतिवार को 1,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
दुनिया के बाजारों में सोने-चांदी के भाव
वैश्विक बाजारों में, पिछले सत्र में 4,379.29 डॉलर प्रति औंस की रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंचने के बाद, शुक्रवार को हाजिर सोना 22.39 या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,303.73 डॉलर प्रति औंस रहा। चांदी हाजिर 1.32 प्रतिशत गिरकर 53.43 डॉलर प्रति औंस रही। यह कुछ समय के लिए 54.48 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी।
सोना का वायदा भाव
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के ताजा सौदों से वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 1,32,294 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले अनुबंधों के सोने का भाव 2,442 रुपये या 1.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,32,294 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। फरवरी 2026 में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 2,927 रुपये यानी 2.23 प्रतिशत चढ़कर 1,34,024 प्रति 10 ग्राम के अब तक के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
चांदी का वायदा भाव
इस बीच चांदी में भी तेजी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 2,752 रुपये या 1.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,70,415 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इसी तरह, मार्च 2026 में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 3,274 रुपये या 1.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,72,350 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर रही।
वैश्विक स्तर पर सोने-चांदी का वायदा भाव
वैश्विक स्तर पर भी सोना व चांदी की कीमतों में तेजी जारी रही। दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,375.69 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दूसरी ओर चांदी की कीमत मामूली बढ़त के साथ 53.38 डॉलर प्रति औंस रही।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
कारोबारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान अधिक बिक्री की उम्मीद में स्टॉकिस्टों ने खरीदारी की। धनतेरस शनिवार को मनाया जा रहा है, उसके बाद सोमवार को दिवाली मनाई जाएगी। धनतेरस के दिन कीमती धातुएं खरीदने को शुभ माना जाता है। मौसमी मांग के अलावा, निवेशकों और केंद्रीय बैंकों की सुरक्षित निवेश खरीदारी ने कीमतों को और समर्थन दिया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी शोध विशलेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि सोने ने मजबूत लाभ के साथ अपनी तेजी का सिलसिला जारी रखा। अमेरिकी सरकार के वित्तपोषण की दिक्कतों के कारण कई विभागों का कामकाज ठप होने (शटडाउन) और 99 से नीचे डॉलर सूचकांक ने सर्राफा में सुरक्षित निवेश प्रवाह का समर्थन जारी रखा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में निरंतर अनिश्चितता और आंकड़े जारी होने में देरी के कारण निवेशकों का झुकाव एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोने की ओर है। जब तक जोखिम की भावना कमजोर रहेगी, तब तक तेजी बरकरार रहने के कारण सोना ऊंचा रहने की संभावना है।
विश्लेषकों का कहना है कि भू-राजनीतिक और व्यापारिक चिंताओं के कारण वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने के बाद व्यापारी सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की ओर आकर्षित हुए हैं।
