बिजनेस

20 दिन में 91 हजार महंगी हुई चांदी, आज का भाव ₹3.20 लाख हुआ, सोना भी ₹1.48 लाख के पार, जानें आगे क्या?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का वायदा भाव में 9,674 रुपये या 3.2 प्रतिशत चढ़कर 320,938.00 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को चांदी ने पहली बार तीन लाख रुपये का आंकड़ा पार किया था और इसका बंद भाव 3,10,275 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था।

Gold and Silver

सोना और चांदी

सोने और चांदी की कीमत रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही है। आपको बता दें कि पिछले 20 दिन या जनवरी महीने में अबतक चांदी की कीमत में करीब 91 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो गई है। आपको बता दें कि 31 दिसंबर, 2025 को MCX पर चांदी की कीमत 2.29 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी। आज यानी 20 जनवरी, 2026 को चांदी की कीमत बढ़कर 320,938 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई है। इस तरह सिर्फ 20 दिनों में चांदी की कीमत में 91 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं सोने के वायदा भाव में भी तेजी आई और यह 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

क्यों इतनी तेजी से बढ़ रही सोने और चांदी की कीमत?

स्मार्टवेल्थ.एआई के संस्थापक एवं प्रधान शोधकर्ता पंकज सिंह ने कहा कि वृहत आर्थिक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश की निरंतर मांग से मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में नए रिकॉर्ड स्तर पर वृद्धि दर्ज की गई। वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे सोने और चांदी की मांग बढ़ रही है, जिससे कीमत तेजी से उछल रही है।

सोमवार को 3 लाख का लेवल पार किया था

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का वायदा भाव में 9,674 रुपये या 3.2 प्रतिशत चढ़कर 320,938.00 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को चांदी ने पहली बार तीन लाख रुपये का आंकड़ा पार किया था और इसका बंद भाव 3,10,275 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था। चांदी के भाव में पिछले दो कारोबारी सत्रों में 32,187 रुपये या 11.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसका 16 जनवरी को बंद भाव 2,87,762 रुपये प्रति किलोग्राम था। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने के वायदा भाव में भी तेजी जारी रही और इसने नए रिकॉर्ड बनाए।

सोने में भी रिकॉर्ड तेजी

एमसीएक्स पर फरवरी में आपूर्ति वाले सोने का भाव 2,560 रुपये या 1.76 प्रतिशत चढ़कर 1,48,199 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉमेक्स बाजार में सोने का वायदा भाव 4,700 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार कर गया। फरवरी में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 127.15 अमेरिकी डॉलर या 2.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,722.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दूसरी ओर कॉमेक्स बाजार में चांदी के मार्च में आपूर्ति वाले अनुबंधों का भाव 94.74 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

अब क्या करें निवेशक?

केडिया कमोडिटी के संस्थापक और निदेशक, अजय केडिया ने बताया कि चांदी की कीमत में यह तेजी ट्रंप द्वारा के नए टैरिफ के कारण है। अभी वर्ल्ड मार्केट में चांदी की कीमत 93 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है। एक बार चांदी 100 डॉलर प्रति औंस को टच करने की कोशिश करेगा। अगर ऐसा होता है जल्द ही भारतीय बाजार में चांदी की कीमत 3.30 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, निवेशकों का बहुत सावधान रहने की जरूरत है। पिछले कुछ दिनों में चांदी और सोने में जबरदस्त वोलैटिलिटी है। इसलिए कभी भी बड़ा करेक्शन आ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article