Shree Cement Tax Evasion: भारत के सबसे बड़े सीमेंट निर्माताओं में से एक, श्री सीमेंट ग्रुप (Shree Cement Group) पिछले कुछ दिनों से चर्चा में है। इसके चर्चा में रहने की वजह अच्छी नहीं है। दरअसल आयकर विभाग (IT Dept) ने टैक्स चोरी के संदेह में ग्रुप की कई लोकेशंस पर सर्वे किए हैं।यह सर्वे ग्रुप के जयपुर, ब्यावर, अजमेर और चित्तौड़गढ़ स्थित ठिकानों पर हुआ है। कोलकाता हेडक्वार्टर वाली सीमेंट कंपनी के खिलाफ टैक्स सर्वे इस सप्ताह जारी है।
कंपनी ने क्या कहा
इस कार्रवाई पर कंपनी का कहना है कि आयकर विभाग हमारे परिसर में एक सर्वे कर रहा है। और इस दौरान कंपनी की प्रबंधन टीम वहां मौजूद है और वह अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रही है। इस दौरान इनकम टैक्स अधिकारियों द्वारा मांगी जा रही जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है
पिछले हफ्ते गिरा शेयर
छापे की खबर सामने आने के बाद पिछले हफ्ते श्री सीमेंट के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। बीएसई पर पूरे हफ्ते के 5 कारोबारी दिनों में कंपनी का शेयर 4.43 फीसदी गिरा। शुक्रवार को भी ये 1.83 फीसदी की कमजोरी के साथ 25150 रु बंद हुआ। इस स्तर पर कंपनी की मार्केट कैपिटल 90,743 करोड़ रु रह गई है।
प्रॉफिट भी घटा
श्री सीमेंट के मार्च 2023 तिमाही के शुद्ध लाभ में साल-दर-साल 15 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका मुनाफा 546 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 645 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही के दौरान बिक्री सालाना आधार पर 17 फीसदी बढ़कर 4,785 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 4,099 करोड़ रुपये थी।
